मुंबई वार्ता संवाददाता

दिवा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच जल्द ही लोकल ट्रेन सेवा शुरू होने वाली है। यह कदम रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।


कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने यह भरोसा जताते हुए कहा कि दिवा के माथर्डी परिसर में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन स्टेशन क्षेत्र की तस्वीर और तक़दीर दोनों बदल देगा।ठाणे मनपा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दिवा में महायुति उम्मीदवारों के प्रचार के दौरान आयोजित जनसभा में बोलते हुए डॉ. शिंदे ने दिवा के बदले हुए हालात की चर्चा की।
उन्होंने याद दिलाया कि एक दशक पहले तक दिवा लगभग गांव जैसा था, जहां सड़क, पानी, सफाई और रेलवे सुविधाएं बदहाल थीं। यात्रियों को जोखिम उठाकर प्लेटफॉर्म से उतरना पड़ता था।आज वही दिवा स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो चुका है। सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत हुई हैं, प्लेटफॉर्म चौड़े किए गए हैं, टिकट खिड़कियों की संख्या बढ़ी है और तेज व लंबी दूरी की ट्रेनों को यहां ठहराव मिला है। आने वाले समय में कोकण की ओर जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की भी योजना है।
डॉ. शिंदे ने कहा कि भविष्य में दिवा में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा।दिवा–सीएसएमटी विशेष लोकल शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और रोज़मर्रा की परेशानी कम होगी। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने हेतु कल्याण रोड परिसर में टाटा स्किल सेंटर अंतिम चरण में है, जो अगले छह से सात महीनों में शुरू होने की उम्मीद है। इसके साथ ही दिवा में उद्यमिता प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना भी तैयार की जा रही है।


