मुंबई वार्ता संवाददाता

मकर संक्रांति जैसे महिलाओं के आनंद, सम्मान और अधिकारों के पर्व के ठीक पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ द्वारा ‘लाडकी बहन’ योजना की किस्त न देने की मांग करना महिलाओं के प्रति कांग्रेस की क्रूर और असंवेदनशील सोच को उजागर करता है। यह तीखी प्रतिक्रिया भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राम कुलकर्णी ने दी।


उन्होंने कहा कि ‘लाडकी बहन’ योजना राज्य की करोड़ों महिलाओं के लिए सहारा, सम्मान और आर्थिक राहत देने वाली योजना है। योजना को शुरू हुए काफी समय हो चुका है, इसके बावजूद महिलाओं के अधिकार का पैसा रोकने के लिए कांग्रेस का चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के मन में महिलाओं के प्रति वास्तव में कैसी भावना है।


राम कुलकर्णी ने आरोप लगाया कि महिलाओं के सशक्तीकरण की बातें करने वाले कांग्रेस नेता व्यवहार में महिलाओं को राहत देने वाली योजनाओं की जड़ पर ही प्रहार करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ‘लाडकी बहनों’ के अधिकारों पर चोट करने के पीछे कांग्रेस का असली उद्देश्य क्या है?


