बीएमसी में भाजपा के लिए विकास और सुरक्षा मुख्य मुद्दा- आचार्य पवन त्रिपाठी (मुंबई भाजपा महामंत्री)।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। ठाकरे बंधुओं द्वारा ‘मराठी अस्मिता’ और ‘मराठी फर्स्ट’ का मुद्दा उठाए जाने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुंबई के विकास और सुरक्षा को अपना प्रमुख आधार बनाया है। महायुति गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही भाजपा इस बार मुंबई में महापौर बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है।इसी क्रम में मुंबई भाजपा के महामंत्री पवन त्रिपाठी ने मुंबई वार्ता टीम से बातचीत की।

■ बीएमसी चुनाव में भाजपा किस रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है? इस सवाल का जवाब देते हुए पवन त्रिपाठी ने कहा कि बीएमसी चुनाव में पूरा माहौल महायुति के पक्ष में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई का व्यापक विकास हुआ है, जिसके प्रत्यक्ष साक्षी स्वयं मुंबईकर हैं। कोस्टल रोड, अटल सेतु, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड और मेट्रो नेटवर्क जैसे विकास कार्यों को लेकर ही महायुति जनता के बीच जा रही है। भाजपा का मूल मंत्र मुंबई का विकास और सुरक्षा है।

ठाकरे बंधुओं द्वारा घरेलू कामगार महिलाओं को ₹1,500 देने जैसी घोषणाओं पर भाजपा का क्या रुख है? सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्पष्ट कर चुके हैं कि यह घोषणापत्र नहीं, बल्कि मुंबईकरों के साथ छल है। पिछले 25 वर्षों में उद्धव ठाकरे द्वारा किए गए पांच ठोस विकास कार्य भी गिनाए नहीं जा सकते। उन्होंने फेसबुक के माध्यम से शासन चलाया और कोविड काल में मुंबई में सबसे अधिक मौतें हुईं। जनता का भरोसा ठाकरे बंधुओं से उठ चुका है।

आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि मुंबई में मराठी-गैर मराठी जैसा कोई विवाद नहीं है। यह केवल भ्रम और भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने का प्रयास है। मराठियों को मुंबई से बाहर करने का पाप उद्धव ठाकरे ने किया। भाजपा ने बीडीडी चॉल के निवासियों को उनके पक्के घर दिलाए हैं।

यह पूछने पर कि भाजपा पर उत्तर भारतीयों को कम टिकट देने के आरोप लग रहे हैं? उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि भाजपा ने 14 उत्तर भारतीयों, 6 राजस्थानियों और 1 पंजाबी समुदाय के प्रत्याशी को टिकट दिया है। इसके अतिरिक्त गुजराती समाज को भी प्रतिनिधित्व मिला है। टिकट वितरण क्षेत्र की परिस्थितियों और प्रत्याशियों की क्षमता के आधार पर किया गया है।

आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें निभाती भी है। पार्टी का घोषणापत्र नहीं, बल्कि ‘संकल्प पत्र’ होता है। सत्ता में आने पर पार्किंग समस्या का समाधान, सार्वजनिक खुले स्थान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, मजबूत सड़कें, अच्छे विद्यालय और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, कोस्टल रोड का विस्तार, गोरेगांव-मुलुंड तथा बोरीवली-ठाणे सुरंग परियोजनाओं से यातायात सुधारा जाएगा। सभी नागरिकों को समान जलापूर्ति का भी संकल्प लिया जाएगा।

पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर क्या योजना है? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुंबई केवल मायानगरी ही नहीं, बल्कि एक धार्मिक नगरी भी है। सिद्धिविनायक, बाबुलनाथ, मुंबा देवी और महालक्ष्मी मंदिरों की दर्शन व्यवस्था को आपस में जोड़कर धार्मिक पर्यटन को विकसित किया जा सकता है।

जब पूछा गया कि बीएमसी में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की क्या योजना है? पवन त्रिपाठी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में हुए भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई मामलों में जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

धोखाधड़ी के आरोप में मनसे नेता गणेश चुक्कल गिरफ्तार

मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना...