मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका चुनाव में विजयी शिवसेना के 29 नवनिर्वाचित नगरसेवकों के लिए मुंबई में एक विशेष मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर होटल ताज लैंड्स एंड में शुरू हुआ है, जहां आगामी तीन दिनों तक नगरसेवकों को महानगरपालिका के कामकाज, विकास योजनाओं और भविष्य की रणनीति को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।


युवा सेना के महासचिव और नगरसेवक अमेय घोले ने मिडिया से बातचीत में बताया कि शिविर के दौरान शिवसेना के मुख्य नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नगरसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि नगरसेवकों को बीएमसी की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों की प्राथमिकताएं, चुनावी वचननामे की पूर्ति और अगले पांच वर्षों के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
अमेय घोले ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद नगरसेवकों को जनता के विश्वास को सार्थक करने के लिए तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। उसी के तहत नतीजों के अगले ही दिन सभी नवनिर्वाचित नगरसेवक इस मार्गदर्शन शिविर में शामिल हुए हैं।उन्होंने कहा कि शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे, जो प्रभाग स्तर पर प्रभावी कार्यशैली, नागरिक मुद्दों के समाधान और विकास को गति देने के तरीकों पर मार्गदर्शन करेंगे। इसके साथ ही आगामी जिला परिषद चुनावों की रणनीति और प्रचार अभियान को लेकर भी प्रस्तुति दी जाएगी।
राज्य भर में हुए महानगरपालिका चुनावों में शिवसेना के कुल 397 नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं। इनमें मुंबई से 29, ठाणे से 75, कल्याण-डोंबिवली से 54, नवी मुंबई से 42, उल्हासनगर से 36, नाशिक से 26, जळगांव से 22, कोल्हापुर से 15, छत्रपति संभाजीनगर से 13 और जालना से 12 नगरसेवक शामिल हैं।


