मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस हवाई पर तस्करी के खिलाफ कस्टम्स अधिकारियों ने सघन कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। 9 से 16 जनवरी 2026 के बीच एयरपोर्ट आयुक्तालय, मुंबई कस्टम्स जोन–3 की टीम ने प्रोफाइलिंग और विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर की गई जांच में मादक पदार्थ, सोना, हीरे और विदेशी मुद्रा से जुड़े कई मामलों का पर्दाफाश किया।


कस्टम्स के अनुसार इस अवधि में गांजे (एनडीपीएस) से जुड़े कुल 16 मामले दर्ज किए गए। प्रोफाइलिंग के आधार पर सामने आए एक मामले में विमान की सीटों के नीचे रखे लाइफ वेस्ट पैकेट्स के भीतर छिपाकर लाई जा रही 3.997 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 3.997 करोड़ रुपये आंकी गई है।इसके अलावा, बैंकॉक से विभिन्न उड़ानों के जरिए आए 9 यात्रियों से जुड़े 8 मामलों में कुल 29.841 किलोग्राम गांजा जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 29.841 करोड़ रुपये बताई गई है।


सभी आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया।विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में भी बैंकॉक से आए 7 यात्रियों के पास से 27.163 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 27.163 करोड़ रुपये है। इस मामले में भी सभी आरोपियों को एनडीपीएस कानून के तहत हिरासत में लिया गया है।
एनडीपीएस मामलों के अलावा कस्टम्स ने अन्य तस्करी प्रयासों को भी विफल किया। इस दौरान 6 मामलों में 846.74 ग्राम 24 कैरेट सोना, एक मामले में 548.4 कैरेट हीरे तथा एक यात्री से 2 लाख सऊदी रियाल की विदेशी मुद्रा बरामद की गई। इसके साथ ही खुफिया सूचना पर 305 ग्राम 24 कैरेट सोना भी जब्त किया गया।


