मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगर पालिका चुनावों में कांग्रेस के अब तक के सबसे कम सीटें जीतने के एक दिन बाद, शनिवार को, पार्टी की पुरानी गुटबाजी फिर से सामने आ गई। कांग्रेस नेताओं ने मुंबई अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।


ज्ञात हो कि 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई महानगर पालिका 2017 के चुनावों में कांग्रेस ने 31 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार यह संख्या घटकर 24 रह गई, जिसके बाद गायकवाड़ के नेतृत्व पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने इन चुनावों में महा विकास अघाड़ी के घटकों के साथ गठबंधन नहीं किया था। उसने 152 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए वंचित बहुजन अघाड़ी, अन्य दलों के साथ गठबंधन किया था।हालांकि, गठबंधन के सहयोगियों को एक भी सीट नहीं मिली।
मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विधायक भाई जगताप ने मांग की है कि गायकवाड़ को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब उम्मीदवारों का चयन किया गया, तो मुझे बताया गया कि टिकट एक सर्वे के आधार पर बांटे गए हैं। मैंने उस समय आपत्ति नहीं की, लेकिन जब मैंने सर्वे मांगा, तो मुझे वह नहीं दिखाया गया।


