मुंबई वार्ता संवाददाता

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात कस्टम्स जोन-3 के अधिकारियों ने गुप्त सूचना और प्रोफाइलिंग के आधार पर सोना तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है।यह घटना बीती रात की है।


अधिकारियों ने दुबई से इंडिगो फ्लाइट संख्या 6ई 1452 से मुंबई आए और ढाका जाने के लिए इंडिगो फ्लाइट संख्या 6ई 1115 से ट्रांजिट में मौजूद एक बांग्लादेशी अंतरराष्ट्रीय यात्री को उस समय पकड़ा, जब वह एआईएएसएल के एक एयरपोर्ट कर्मचारी को चार अंडाकार पैकेट सौंप रहा था।


जांच में पाया गया कि ये पैकेट वैक्स में छिपाई गई 24 कैरेट सोने की डस्ट से भरे हुए थे। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 1,590 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2,15,07,455 रुपये (दो करोड़ पंद्रह लाख सात हज़ार चार सौ पचपन रुपये) आंकी गई है।
कस्टम्स अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बांग्लादेशी नागरिक और एआईएएसएल के कर्मचारी, दोनों को कस्टम्स अधिनियम, 1962 की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।


