मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस के बेड़े में शामिल एक वाहन में अंधेरी के साकीनाका इलाके में अचानक आग लग गई। यह वाहन Mahindra Scorpio N था, जिसे हाल ही में पुलिस बल में शामिल किए गए नए वाहनों के बेड़े का हिस्सा बनाया गया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलते हुए वाहन के फ्यूल पाइप तक पहुंच गई, जिसके बाद हल्का विस्फोट भी सुनाई दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।


गौरतलब है कि 26 फरवरी को देवेंद्र फडणवीस ने नरीमन प्वाइंट में मुंबई पुलिस के लिए 1200 से अधिक अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। इसमें 633 चारपहिया और 657 मोटरसाइकिलें शामिल थीं। इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और जमीनी स्तर पर कार्यकुशलता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था।


