श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान अब्दुल्ला दोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरिन दोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियों आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है। यह घटना 25 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जब परिवार ने अपने घर पर रिश्तेदारों को खाने पर बुलाया था।


जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में बिरयानी खाई और रिश्तेदारों के जाने के बाद देर रात करीब 1 बजे तरबूज भी खाया। इसके कुछ ही घंटों बाद परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। तड़के सुबह 5 से 6 बजे के बीच उन्हें उल्टी, दस्त और तेज कमजोरी की शिकायत शुरू हो गई।
हालत तेजी से बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद चारों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्थानीय निवासी डॉ. जैद कुरैशी के अनुसार, “रात में अचानक उनकी हालत बहुत खराब हो गई थी। उन्हें उल्टी, दस्त और कमजोरी हो रही थी। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।”
मामले में पुलिस ने मुंबई पुलिस द्वारा आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उपायुक्त प्रवीण मुंढे ने बताया कि पोस्टमार्टम कर लिया गया है और खाद्य पदार्थों के साथ-साथ शरीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
फिलहाल फूड पॉइजनिंग को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी अन्य कारण से इनकार नहीं किया गया है। जांच के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने लोगों से खाने-पीने की चीजों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।


