मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को PIT-NDPS अधिनियम 1988 के तहत नजरबंद किया है। आरोपी महिला की पहचान नाजिया खलील इस्लाम उर्फ शोभा मंडल (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे एक वर्ष के लिए नासिक रोड केंद्रीय कारागृह में भेजा गया है।


पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, बांद्रा यूनिट, एंटी नारकोटिक्स सेल, मुंबई ने वर्ष 2025 में दर्ज एक मामले में नाजिया को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ड्रग तस्करी के मामलों में लगातार सक्रिय रही है और उसके खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुंबई के अंधेरी-कुर्ला रोड स्थित तिलक नगर इलाके में रहती है और लंबे समय से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त थी। अदालत में आरोपपत्र दाखिल होने के बावजूद वह जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से ड्रग्स के धंधे में सक्रिय हो गई थी। इसी कारण मुंबई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर उसके खिलाफ PIT-NDPS एक्ट 1988 के तहत कठोर कार्रवाई का प्रस्ताव महाराष्ट्र शासन को भेजा गया था।गृह विभाग, महाराष्ट्र शासन से मंजूरी मिलने के बाद 28 मई 2026 को महिला आरोपी को हिरासत में लेकर नासिक रोड केंद्रीय जेल में एक वर्ष की नजरबंदी के लिए भेज दिया गया।
प्रेस नोट में बताया गया कि वर्ष 2026 में PIT-NDPS एक्ट के तहत जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा अपराध करने वाले कुल आठ आरोपियों के खिलाफ नजरबंदी की कार्रवाई की जा चुकी है। यह उसी श्रृंखला की नवीनतम कार्रवाई है।
■ आरोपी पर दर्ज प्रमुख मामले
1. बांद्रा यूनिट, एंटी नारकोटिक्स सेल, मुंबई – एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
2. कांदिवली यूनिट, एंटी नारकोटिक्स सेल, मुंबई – एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला
3. बांद्रा यूनिट में दूसरा मामला – मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित4. डीबी मार्ग पुलिस थाना क्षेत्र में भी एनडीपीएस कानून के तहत अपराध दर्ज है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय , एंटी नारकोटिक्स सेल के पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले के मार्गदर्शन में उक्त कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल,बांद्रा यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल चंदनशिवे की टीम ने की है।


