श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के उपमहापौर संजय घाडी ने पश्चिम उपनगरों में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को मृणालताई गोरे फ्लाईओवर, ओशिवरा प्रसूतिगृह और ओशिवरा स्मशानभूमि के प्रलंबित कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।


उपमहापौर संजय घाडी ने शुक्रवार को गोरेगांव से राम मंदिर मार्ग को जोड़ने वाले मृणालताई गोरे फ्लाईओवर, ओशिवरा प्रसूतिगृह और ओशिवरा स्मशानभूमि का दौरा कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी की गई।निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त (पी उत्तर विभाग) कुंदन वळवी, सहायक आयुक्त (पी दक्षिण विभाग) अनिरुद्ध कुलकर्णी, वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी डॉ. अनिल पांपटवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


मीडिया से बातचीत में उपमहापौर संजय घाडी ने बताया कि मृणालताई गोरे रेलवे फ्लाईओवर का मुख्य भाग वर्ष 2016 में यातायात के लिए खोला गया था। अब इसके विस्तार का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है और करीब 90 से 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि सड़क का रिसरफेसिंग, दिशादर्शक संकेतक, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर, सड़क पर सफेद और पीली पट्टियां तथा पुल की रेलिंगों की रंगाई जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। पुल के दोनों ओर रिहायशी इमारतें होने के कारण ध्वनि प्रदूषण कम करने के लिए नॉइज बैरियर भी लगाए गए हैं।उपमहापौर ने अधिकारियों को पुल की लोड टेस्टिंग पूरी कर मानसून से पहले सभी शेष कार्य समाप्त कर फ्लाईओवर को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए। साथ ही, इलाके में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन करने को भी कहा।
इसके अलावा, 152 बेड क्षमता वाले ओशिवरा प्रसूतिगृह (मेटरनिटी होम) परियोजना की भी समीक्षा की गई। इस अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिनमें ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (NICU), बच्चों के लिए MICU, डायलिसिस यूनिट, सीटी स्कैन सुविधा तथा डॉक्टरों और नर्सों के लिए आवासीय व्यवस्था शामिल है।उपमहापौर ने निर्देश दिए कि अस्पताल का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि नागरिकों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ओशिवरा स्मशानभूमि के निरीक्षण के दौरान उपमहापौर ने पाया कि वहां कुछ कार्य अब भी अधूरे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्य तत्काल पूरा करने तथा अगले 15 दिनों के भीतर छोटी-बड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए।संजय घाडी ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी विकास कार्य समय पर पूरे होना बेहद जरूरी है और प्रशासन को इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।


