मुंबई वार्ता संवाददाता

खार पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हथियार लाइसेंस का नवीनीकरण कराने और अवैध रूप से आग्नेयास्त्र रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैज इरफान आदेनवाला (36 वर्ष) के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नागालैंड से प्राप्त अपने हथियार लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए फर्जी पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) का इस्तेमाल किया। जांच में सामने आया कि उसने इस फर्जी दस्तावेज के आधार पर नागालैंड में अवैध रूप से हथियार लाइसेंस का नवीनीकरण कराया और उसी लाइसेंस पर आग्नेयास्त्र अपने पास रखा।
इसके अलावा, आरोपी ने अपने पास मौजूद आग्नेयास्त्र की जानकारी बृहन्मुंबई पुलिस आयुक्तालय को भी नहीं दी थी, जो नियमों का उल्लंघन है।
इस मामले में खार पुलिस थाने में 6 मई 2026 को गुन्हा क्रमांक 480/26 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराएं 465, 467, 471, 474 तथा शस्त्र अधिनियम, 1959 की धाराएं 3, 25(1)(अ) और 30 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान आरोपी की अपराध में प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे 29 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 30 मई 2026 को बांद्रा (पूर्व) स्थित 9वें न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 2 जून 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


