गरीब नगर कार्रवाई का बदला लेने की साजिश नाकाम, मुंबई पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले की थी योजना।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए नौ आरोपियों से पूछताछ में मुंबई में बड़े आतंकी हमले की साजिश का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने बांद्रा के गरीब नगर इलाके में हाल ही में हुई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान एक अवैध प्रार्थना स्थल को हटाए जाने का बदला लेने के लिए मुंबई पुलिस, सुरक्षा बलों और कुछ अन्य लक्ष्यों पर हमले की योजना बनाई थी।


दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में कुर्ला निवासी साजिद मेहबूब शेख उर्फ अरबाज खान और मुंब्रा निवासी तौकीर रिजवान शेख को 27 मई को पकड़ा गया था। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली, मुंबई समेत देश के विभिन्न शहरों में हमलों की साजिश रच रहा था।

■ गरीब नगर की घटनाओं का उठाना चाहते थे फायदा


बांद्रा के गरीब नगर इलाके में 19 से 23 मई के बीच अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था। इस दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों समेत दस लोग घायल हो गए थे। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने इस तनावपूर्ण माहौल का फायदा उठाने की कोशिश की।


मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, संदिग्धों ने गरीब नगर क्षेत्र का दौरा कर वहां की स्थिति का आकलन किया था। अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजी गई थीं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों और हिंदू समुदाय के कुछ लोगों को निशाना बनाने की योजना थी।

■ कराची से संचालित हो रही थी साजिश


इस पूरे मामले में मुन्ना झिंगाड़ा का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि कराची में बैठा झिंगाड़ा इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2000 में बैंकॉक में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन पर हुए हमले में भी मुन्ना झिंगाड़ा की भूमिका रही थी। उस मामले में वह थाईलैंड की जेल में करीब 17 वर्ष तक बंद रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आईएसआई से जुड़े तत्वों के अलावा पाकिस्तान के गैंगस्टर शाहजाद भट्टी, यावर खान और छोटा शकील के करीबी मुन्ना झिंगाड़ा ने मिलकर इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

■दादर रेलवे पुल की भी की थी रेकी


पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अरबाज खान और तौकीर रिजवान शेख ने संभावित हमले के लिए दादर रेलवे पुल समेत मुंबई के कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। आरोपियों के मोबाइल फोन से मुंबई के विभिन्न इलाकों के वीडियो, तस्वीरें, पाकिस्तान और दुबई में मौजूद हैंडलरों के साथ चैट और वॉयस नोट्स बरामद हुए हैं।

■ हैंड ग्रेनेड और अंधाधुंध फायरिंग की थी तैयारी


जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों को हैंड ग्रेनेड हमले, पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने तथा मुंबई के महत्वपूर्ण स्थलों पर अंधाधुंध गोलीबारी करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। वहीं, हुजैफा नामक एक कथित हैंडलर की भूमिका भी जांच के दायरे में है, जिसकी तलाश की जा रही है।


सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से मुंबई में संभावित बड़े हमले की साजिश नाकाम कर दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

मुंबई एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स के अनेक श्रमिकों ने राष्ट्रीय एकजुट कामगार संगठन में किया प्रवेश।

मुंबई वार्ता संवाददाता भारतीय जनता पार्टी से संबद्ध राष्ट्रीय...