मुंबई वार्ता संवाददाता

मालवणी पुलिस ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर फरार हुए एक आरोपी को असम से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शम्सुद्दीन ने अपनी साथी सेलेमा खातून की हत्या करने के बाद शव को घर में बंद कर दिया था और मुंबई से फरार हो गया था।


पुलिस के मुताबिक, हत्या 20 मई को की गई थी, लेकिन घटना का खुलासा 22 मई को हुआ। पड़ोसियों को घर से कोई गतिविधि न दिखने पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां सेलेमा खातून का शव बरामद हुआ। घर का दरवाजा बाहर से बंद था।
मृतका सेलेमा खातून पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले की रहने वाली थी और मुंबई में एक ब्यूटी पार्लर में ब्यूटीशियन के तौर पर काम करती थी। वह मालवणी में शम्सुद्दीन के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
जांच में सामने आया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। कुछ समय के लिए वे अलग भी हो गए थे, लेकिन बाद में फिर साथ रहने लगे। हालांकि, उनके बीच विवाद लगातार जारी रहे।
पूछताछ में आरोपी शम्सुद्दीन ने पुलिस को बताया कि वह सेलेमा से प्रेम करता था, लेकिन हाल ही में उसे उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने की जानकारी मिली थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच में खुलासा हुआ कि सेलेमा की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था, जिससे उसकी मौत हुई।
मालवणी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी संदीप घुगे के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र नागरकर के नेतृत्व में तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी का पता लगाकर उसे असम से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को मुंबई लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


