■ “So What?” टिप्पणी पर बवाल: बीएमसी प्रोटोकॉल अधिकारी संदीप लाळगे को निलंबित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की विधि समिति की बैठक में नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने मुंबई पब्लिक स्कूल (लिबर्टी गार्डन) के उद्घाटन समारोह में कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन का मुद्दा उठाया। इस पर हुई चर्चा के बाद समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक प्रोटोकॉल अधिकारी संदीप लाळगे को निलंबित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया।


बैठक में तिवाना ने आरोप लगाया कि उद्घाटन समारोह के दौरान राजशिष्टाचार का उल्लंघन किया गया, स्थानीय जनप्रतिनिधि का अपमान हुआ तथा उद्घाटन शिलापट्ट से स्थानीय नगरसेवक का नाम हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में प्रोटोकॉल अधिकारी संदीप लाळगे से जवाब मांगा गया तो उन्होंने कथित तौर पर “So What?” कहकर असम्मानजनक और अहंकारी रवैया अपनाया।


इस पर तिवाना ने विधि समिति में बीएमसी के प्रोटोकॉल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्ति जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की। उन्होंने प्रशासन को कड़े शब्दों में कहा कि प्रोटोकॉल अधिकारियों को पहले स्वयं शिष्टाचार का पालन करना सीखना चाहिए।
तिवाना ने कहा, “यह मामला केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा, जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और महानगरपालिका प्रशासन की निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है। जांच पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”
विधि समिति ने यह भी माना कि जांच प्रक्रिया को किसी प्रकार के प्रभाव से मुक्त रखने के लिए संदीप लाळगे को जांच पूरी होने और रिपोर्ट प्रस्तुत होने तक निलंबित रखा जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उनके निलंबन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर किया गया।


