मुंबई वार्ता संवाददाता

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल-2 के बाहर रविवार दोपहर फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक पुरुष यात्री मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) ने घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि सीलिंग गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर 1 बजकर 18 मिनट पर टर्मिनल-2 की इमारत के बाहर सार्वजनिक क्षेत्र में फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर वहां मौजूद एक व्यक्ति पर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से रहीम एसके नामक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई।घटना की पुष्टि करते हुए एमआईएएल के प्रवक्ता ने बताया कि हादसे में एक आगंतुक को मामूली चोट लगी है। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की आपातकालीन चिकित्सा टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घायल रहीम एसके को चिकित्सा जांच के लिए नानावटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें कुछ ही समय में छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने इस घटना को मामूली बताते हुए कहा कि घायल व्यक्ति की ओर से अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का यह भी कहना है कि वह जांच के लिए घायल व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा है।
फिलहाल फॉल्स सीलिंग का हिस्सा किन कारणों से टूटा, इसका पता नहीं चल पाया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सार्वजनिक क्षेत्रों में सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


