मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित मरोळ के कृष्णानगर इलाके में दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पटाखे फोड़ने का विरोध करने वाली एक कथित गुंडा टोली ने गुप्ता परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पति-पत्नी और उनकी छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जोगेश्वरी स्थित बाला साहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली के अवसर पर गुप्ता परिवार की छोटी बच्ची गली में खाली जगह पर पटाखे फोड़ रही थी। इसी दौरान बादल गोस्वामी और उसके साथियों ने बच्ची को पटाखे फोड़ने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बादल गोस्वामी और उसके साथियों ने गुप्ता परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की। शुरुआत में हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि 8 से 10 लोगों की टोली ने गुप्ता परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। पत्नी को बचाने के लिए पहुंचे पति पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया और उन्हें भी लात-घूंसों तथा डंडों से बुरी तरह पीटा। इस हमले में पति-पत्नी के साथ उनकी मासूम बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल जोगेश्वरी स्थित बाला साहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एमआईडीसी पुलिस ने 8 से 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी बादल गोस्वामी सहित धर्मेंद्र राजभर, जितेंद्र राजभर और श्याम नारायण गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।बादल गोस्वामी गिरोह पर पहले भी धमकाने और मारपीट के आरोपस्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बादल गोस्वामी और उसके साथी हिंदुत्व के नाम पर आम नागरिकों को धमकाते हैं और उनके साथ मारपीट करते हैं। पिछले कुछ महीनों से अंधेरी पूर्व के विभिन्न इलाकों में इस गिरोह द्वारा दहशत फैलाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस गिरोह के खिलाफ अंधेरी पूर्व के अलग-अलग पुलिस थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरोह की कथित बढ़ती गतिविधियों के कारण क्षेत्र के नागरिकों में भय का माहौल है। नागरिकों ने मुंबई पुलिस से बादल गोस्वामी और उसके गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।


