भारतीय सिनेमा में सबसे ज्यादा छोटी फिल्में बनती हैं, लेकिन उन्हें ही मिलते हैं सबसे कम स्क्रीन: एआईसीडब्ल्यूए।

Date:

■ बड़े बजट की फिल्मों के विरोध में नहीं, लेकिन छोटे बजट की फिल्मों को भी सिनेमाघरों में मिलना चाहिए उचित अवसर: एआईसीडब्ल्यूए अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता।

मुंबई वार्ता संवाददाता


भारतीय सिनेमा में हर साल बड़े बजट की फिल्मों की तुलना में छोटे बजट की फिल्मों का निर्माण और प्रदर्शन अधिक होता है, लेकिन विडंबना यह है कि इन्हीं फिल्मों को सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन नहीं मिल पाती हैं। इसके कारण कई अच्छी और प्रतिभाशाली फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचने का अवसर ही नहीं मिलता। यह बात ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष इंजीनियर सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कही है।


उन्होंने कहा कि फिल्म ‘पायरे’ (Pyre) का निर्माण भारतीय सिनेमा के श्रमिकों, तकनीशियनों, जूनियर कलाकारों और कलाकारों के सामूहिक प्रयास से हुआ था। इस फिल्म को बनाने में सभी ने मिलकर मेहनत की। भारतीय सिनेमा से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का एक ही सपना होता है कि उसकी बनाई फिल्म बड़े पर्दे पर दिखाई जाए।


गुप्ता के मुताबिक, छोटे बजट की फिल्म में निर्माता, कलाकार और फिल्म निर्माण से जुड़े तमाम कर्मचारी बहुत उम्मीदों और सपनों के साथ अपना योगदान देते हैं। उनके लिए सिनेमाघर में मिलने वाली स्क्रीन महज एक संख्या नहीं होती, बल्कि यही वह मूल उद्देश्य होता है, जिसके लिए वे पूरी मेहनत से फिल्म बनाते हैं।


उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्म उद्योग में हर साल बड़ी फिल्मों की तुलना में छोटे बजट की फिल्में कहीं अधिक संख्या में रिलीज होती हैं। इसके बावजूद कम बजट होने के कारण इन फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन नहीं मिलतीं। छोटी फिल्मों को हमेशा कम महत्व दिया जाता रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग में एक साल के दौरान बड़े बजट की फिल्में गिनी-चुनी होती हैं और छोटे बजट की फिल्मों की संख्या कहीं अधिक होती है।


एआईसीडब्ल्यूए का यह भी कहना है कि यदि सभी छोटे बजट की फिल्मों के निर्माण पर खर्च की गई कुल राशि को जोड़ दिया जाए, तो यह रकम बड़े बजट की फिल्मों के कुल बजट से भी अधिक हो सकती है। इसके बावजूद छोटे बजट की फिल्मों को सिनेमाघरों में पर्याप्त जगह नहीं मिलती और वे दर्शकों तक पहुंचने से पहले ही सीमित रह जाती हैं।


सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने स्पष्ट किया कि एआईसीडब्ल्यूए बड़े बजट की फिल्मों के खिलाफ नहीं है और न ही उनका विरोध करता है। संगठन की मांग सिर्फ इतनी है कि छोटे बजट की फिल्मों को भी सिनेमाघरों में उचित स्क्रीन और अपनी प्रतिभा दिखाने का निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए।


उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में काम करने वाले हर व्यक्ति की मेहनत और सपनों का सम्मान होना चाहिए। बड़े बजट की फिल्मों के साथ-साथ छोटी फिल्मों को भी दर्शकों तक पहुंचने का समान अवसर मिलना भारतीय सिनेमा के विकास के लिए जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related