■ गोरेगांव और मालाड में छापेमारी कर पुलिस ने पकड़ा नशीले पदार्थों का बड़ा जखीरा, मढ़ गांव स्थित आरोपी के घर से 672 ग्राम कोकीन बरामद।
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई के गोरेगांव और मालाड इलाके में बांगुरनगर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4,226.97 ग्राम कोकीन जब्त की है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए इस नशीले पदार्थ की कुल कीमत 29,13,48,500 रुपये (29 करोड़ 13 लाख 48 हजार 500 रुपये) आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को रात करीब 8 बजे बांगुरनगर लिंक रोड पुलिस स्टेशन की टीम गोरेगांव पश्चिम स्थित शिवम सहकारी सोसायटी के सामने कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसकी पहचान फुलचंद ईश्वरदयाल कश्यप (31) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल मालाड पश्चिम के मढ़ गांव में रहता है।


पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 5.97 ग्राम कोकीन बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 2,98,500 रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मढ़ गांव स्थित घर की तलाशी ली। 3 नवंबर 2026 को की गई इस तलाशी के दौरान घर से 672 ग्राम कोकीन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 36 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में कुल 4.22 किलो कोकीन बरामद की जा चुकी है जिसकी कीमत रू 21,13,48,500 है ।
इस मामले में बांगुरनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1039/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी) और 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी फुलचंद कश्यप से पूछताछ में उसके एक अन्य साथी मुजाहिद अली के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने मध्य प्रदेश निवासी मुजाहिद अली को भी गिरफ्तार कर लिया।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कोकीन की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस नशे के कारोबार में इनके अलावा अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सह पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) मनोज कुमार शर्मा,अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शशि कुमार मीना,पुलिस उपायुक्त पुरुषोत्तम कराड, सहायक पुलिस आयुक्त विनायक चौहान के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई बांगुर नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत पवार की टीम ने की है।


