मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के सार्वजनिक उद्यानों और मैदानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा निजी सुरक्षा एजेंसियों के बजाय महाराष्ट्र होमगार्ड की तैनाती करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभ्रांशु दीक्षित ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है।


शुभ्रांशु दीक्षित ने पत्र के माध्यम से कहा है कि शहर के कई उद्यानों, मैदानों और खुले स्थानों में नशा करने वालों, शराब पीने वालों और अन्य असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ रहा है। इसके कारण सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। कई उद्यानों में खुलेआम सिगरेट व नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है और सिगरेट के टुकड़े, शराब की खाली बोतलें तथा अन्य कचरा छोड़ दिया जाता है, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और परिवारों के लिए ये स्थान असुरक्षित बन रहे हैं।


■ निजी सुरक्षा पर सवाल और कुर्ला की घटना का जिक्र
शुभ्रांशु दीक्षित के अनुसार, निजी सुरक्षा एजेंसियों के सुरक्षाकर्मी ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाते। कई मामलों में वे केवल औपचारिक ड्यूटी करते दिखते हैं और नशा करने वालों या संदिग्ध लोगों को रोकने अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना देने में लापरवाही बरतते हैं। इसमें हाल ही में कुर्ला पश्चिम स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में एक युवक और युवती के साथ हुई मारपीट व छेड़छाड़ की घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इस घटना के बाद बीएमसी ने संबंधित कॉन्ट्रैक्टर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया, लेकिन केवल जुर्माने से स्थायी समाधान नहीं होगा और व्यापक बदलाव तथा जवाबदेही तय करना जरूरी है।
■ प्रमुख मांगें
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में 10 प्रमुख मांगें रखी गई हैं:
■ होमगार्ड की तैनाती: निजी सुरक्षा एजेंसियों पर निर्भरता खत्म कर सभी सार्वजनिक उद्यानों और मैदानों में उद्यानों के खुलने से बंद होने तक शिफ्ट के अनुसार महाराष्ट्र होमगार्ड के प्रशिक्षित जवानों को पूर्णकालिक तैनात किया जाए।
■ बीएमसी की निगरानी: सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी बीएमसी के संबंधित विभाग के पास हो तथा प्रत्येक उद्यान के लिए सुरक्षा, साफ-सफाई और उपस्थिति की नियमित निगरानी हेतु एक जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त किया जाए।
■ सख्त कार्रवाई: शराब पीने, नशीले पदार्थों के सेवन, छेड़छाड़, मारपीट व अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों पर तुरंत कार्रवाई हो और होमगार्ड जवान तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित कर सहयोग करें।
■ सीसीटीवी कैमरे: प्रत्येक उद्यान के प्रवेश व निकास द्वार, बैठने के स्थानों, संवेदनशील हिस्सों और अन्य अहम जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग बीएमसी नियंत्रण कक्ष से हो और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।
■ पुलिस गश्त: स्थानीय पुलिस के समन्वय से सुबह और शाम के समय नियमित पुलिस गश्त तथा संवेदनशील उद्यानों में विशेष निगरानी की जाए।
■ नशे और गंदगी पर जुर्माना: उद्यानों में सिगरेट, बीयर, शराब व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने और कचरा फैलाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए तथा बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
■ शिकायत व संपर्क विवरण: प्रत्येक उद्यान में बीएमसी के संबंधित अधिकारी, सुरक्षा प्रभारी और स्थानीय पुलिस स्टेशन के संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएं और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो।
■ एजेंसियों की जवाबदेही: लापरवाही बरतने वाले सुरक्षाकर्मियों व दायित्व न निभाने वाली निजी सुरक्षा एजेंसियों पर दंडात्मक कार्रवाई हो और बार-बार लापरवाही पर अनुबंध समाप्त करने का प्रावधान लागू किया जाए।
■ सुरक्षा ऑडिट: सभी उद्यानों व मैदानों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराकर अधिक जोखिम वाले उद्यानों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी और अन्य उपाय किए जाएं।
■ समन्वित कार्ययोजना: गृह विभाग, महाराष्ट्र होमगार्ड विभाग और बीएमसी के बीच समन्वय से समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर नियमित समीक्षा की जाए।


