फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के बाद फिर लौटे फेरीवाले, आयुक्त के ‘मिशन पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ पर अधिकारियों की लापरवाही का आरोप।

Date:

■ भाजपा तेजिंदर सिंह तिवाना का प्रभाग समिति की बैठक में प्रशासन पर जोरदार हमला, पूछा- क्या पैसे लेकर दोबारा बैठाए जा रहे हैं फेरीवाले?

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में पैदल यात्रियों को फुटपाथ पर बिना किसी बाधा के चलने की सुविधा देने के लिए शुरू किए गए महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे के महत्वाकांक्षी ‘मिशन पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान पर सवाल उठने लगे हैं। फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के बाद कुछ ही दिनों में दोबारा फेरीवालों के कब्जे होने का मामला सामने आने पर नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य तेजिंदर सिंह तिवाना ने प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विभागीय अधिकारी और कर्मचारी खुद आयुक्त के अभियान को असफल बनाने और बदनाम करने का काम कर रहे हैं।तेजिंदर सिंह तिवाना ने सोमवार को पूर्व और पश्चिम प्रभाग समितियों की बैठक में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया।

उन्होंने कहा कि आयुक्त के ‘मिशन पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान का आम जनता ने स्वागत किया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर ही इसमें बाधाएं पैदा की जा रही हैं। जिन फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर पैदल यात्रियों के लिए रास्ता खाली कराया गया था, वहां कुछ ही दिनों में फिर से फेरीवालों और अन्य अतिक्रमणकारियों ने कब्जा जमा लिया है। इसके कारण पैदल यात्रियों को एक बार फिर सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

तिवाना ने कहा कि आयुक्त अश्विनी भिडे ने प्रत्येक प्रशासनिक वार्ड में 20 सड़कों का चयन कर इस अभियान की शुरुआत की थी, ताकि पैदल यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई। लेकिन पी-पश्चिम प्रभाग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिन सड़कों पर कार्रवाई की गई थी, वहां दोबारा अतिक्रमण हो गया है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की पूरी कवायद का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन सड़कों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है, उनकी पूरी सूची उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी बताया जाए कि कार्रवाई के बाद उन्हीं स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण कैसे हो गया और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाए गए हैं।

तिवाना ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा, “क्या पैसे लेकर फेरीवालों को दोबारा फुटपाथ पर बैठाया जा रहा है? सत्ता बदलने के बावजूद अधिकारी-कर्मचारी वर्ग की मानसिकता नहीं बदली है।”उन्होंने आशंका जताई कि प्रशासनिक स्तर पर ही आयुक्त के महत्वाकांक्षी अभियान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

बैठक में उन्होंने इस पूरे मामले पर प्रशासन से स्पष्ट जवाब देने और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के साथ-साथ इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी ठोस कार्रवाई करने की मांग की।तिवाना ने कहा कि यदि पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए चलाए जा रहे अभियान में ही अधिकारी बाधा बनेंगे, तो आम जनता को इसका लाभ कैसे मिलेगा?

अब देखना होगा कि नगरसेवक की ओर से लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर मुंबई महानगरपालिका प्रशासन क्या जवाब देता है और फुटपाथों पर दोबारा हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

अपने पैरों पर कुल्हाड़ी खुद ही मार न लेना।

सुरेश मिश्र/कवि/मुंबई वार्ता रामलला के आराधक रावण का करो...

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर मुंबई जा रही निजी बस पलटी; दो की मौत, 27 घायल।

मुंबई वार्ता संवाददाता महाराष्ट्र के समृद्धि एक्सप्रेसवे (हिंदू हृदयसम्राट...