मुंबई के बदलते स्वरूप और आधुनिक परिवहन ढांचे से प्रभावित राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने पिछले एक दशक में मुंबई के परिवहन बुनियादी ढांचे में हुए व्यापक बदलावों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुंबई में कोस्टल रोड, अटल सेतु, सी-लिंक और मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार ने शहर के आवागमन की तस्वीर बदल दी है। इन परियोजनाओं को देखकर वह काफी प्रभावित हैं।राज्यपाल सोमवार (23 नवंबर) को मुंबई प्रेस क्लब के सदस्यों के साथ अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने मुंबई के विकास और अपने शहर से पुराने जुड़ाव से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि करीब एक दशक में मुंबई के परिवहन ढांचे में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। कोस्टल रोड और अटल सेतु जैसी परियोजनाएं शहर के विकास की नई पहचान बन रही हैं।

इससे पहले राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई प्रेस क्लब में महाराष्ट्र राजभवन (अब लोक भवन) के दुर्लभ ऐतिहासिक छायाचित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इन तस्वीरों में पिछले 75 वर्षों के दौरान लोक भवन आने वाले दुनिया के विभिन्न देशों के प्रमुख नेताओं की यात्राओं को दर्ज किया गया है। लोक भवन की ओर से उपलब्ध कराई गई ये तस्वीरें 30 नवंबर 2026 तक प्रेस क्लब की गैलरी में प्रदर्शित की जाएंगी।

राज्यपाल ने मुंबई से अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए बताया कि वह पहली बार 10 वर्ष की उम्र में अपनी मां के साथ यहां आए थे। इसके बाद किशोरावस्था में भी उनका मुंबई आना हुआ। उन्होंने बताया कि हिंदी फिल्म जगत के मशहूर संगीतकार एसडी बर्मन और आरडी बर्मन उनके करीबी रिश्तेदार थे। उनके अतिथि के रूप में भी वह कई बार मुंबई आए।

पुराने दिनों की मुंबई को याद करते हुए वर्मा ने कहा कि उस समय शहर की सड़कें काफी संकरी हुआ करती थीं। वह ट्रेन से दादर स्टेशन पर उतरते थे और फिर वहां से मुंबई के विभिन्न इलाकों में घूमने जाते थे।उन्होंने कहा कि वह त्रिपुरा जैसे देश के सबसे छोटे राज्यों में से एक से आते हैं और उन्हें महाराष्ट्र जैसे देश के बड़े तथा औद्योगिक विकास में अग्रणी राज्य का राज्यपाल बनने का सौभाग्य मिला है।

महाराष्ट्रीयन खानपान के बारे में पूछे जाने पर राज्यपाल ने अपने पसंदीदा व्यंजन के रूप में ‘ठेचा’ का नाम लिया। उन्होंने बताया कि हरी मिर्च, लहसुन, मूंगफली, जीरा, तेल और नमक को भूनकर दरदरा पीसकर तैयार किया जाने वाला यह तीखा व्यंजन उन्हें काफी पसंद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related