■ फुटपाथों पर अतिक्रमण, रात में प्लांट चलाने और पर्यावरण नियमों के उल्लंघन की शिकायत; संस्था के अध्यक्ष संजय तिवारी ने तत्काल निरीक्षण और कार्रवाई की मांग की।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) में संचालित रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों से फैल रहे धूल, शोर और वायु प्रदूषण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में ‘स्वाभिमानिक सेवा संस्था’ के अध्यक्ष संजय दीनानाथ तिवारी ने संबंधित अधिकारियों से प्लांटों के संचालन, पर्यावरणीय अनुमतियों और नियमों के पालन की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला बॉम्बे हाईकोर्ट तक भी पहुंच चुका है। हाईकोर्ट ने बीएमसी और एमपीसीबी को शिकायतों की जांच करने तथा आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।


शिकायत संजय तिवारी के अनुसार, कुर्ला (पश्चिम) के वार्ड क्रमांक 164 में फीनिक्स मॉल के पीछे और सुंदरबाग लेन के आसपास स्काय-वे आरएमसी तथा स्वस्तिक आरएमसी प्लांट संचालित हो रहे हैं। इन प्लांटों में भारी मशीनों, ट्रांजिट मिक्सर और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही के कारण बड़े पैमाने पर धूल, शोर, कंपन और वायु प्रदूषण फैलने का आरोप लगाया गया है।


शिकायतकर्ता तिवारी कहना है कि इससे आसपास रहने वाले नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और स्कूली विद्यार्थियों को सांस लेने में परेशानी सहित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।संजय तिवारी की शिकायत में 7 नवंबर 2016 को राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना का हवाला देते हुए आरएमसी प्लांटों के आसपास निर्धारित बफर जोन के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक, घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों से लगभग 100 मीटर का सुरक्षित अंतर होना आवश्यक है। इसके बावजूद संबंधित प्लांटों के आसपास घनी आबादी, मुख्य सड़कें, राजमार्ग, बस और रिक्शा स्टैंड तथा फुटपाथ मौजूद हैं। इसके अलावा, प्लांटों के नजदीक लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में स्थित श्री स्वर्गीय प्रमोद महाजन मनोरंजन उद्यान भी है।
शिकायतकर्ता संजय तिवारी ने यह भी आरोप लगाया है कि रात के समय प्लांटों के संचालन पर रोक होने के बावजूद नियमों का उल्लंघन कर इन्हें चलाया जा रहा है। इस संबंध में 16 दिसंबर 2023 को घाटकोपर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1134/2023 के तहत मामला दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद कथित तौर पर रात में कामकाज जारी रहने की शिकायत की गई है। सुंदरबाग लेन के फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण करने तथा सड़क के डिवाइडर को तोड़ने के आरोप भी लगाए गए हैं।इसके अलावा, आरएमसी प्लांटों को दी गई विभिन्न अनुमतियों और अनापत्ति प्रमाणपत्रों (एनओसी) की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत में दावा किया गया है कि स्वस्तिक आरएमसी प्लांट, जो सीटीएस क्रमांक 120, कुर्ला-2 में स्थित है, पर संपत्ति कर का बकाया होने के बावजूद उसके लाइसेंस का नवीनीकरण किया गया। साथ ही संबंधित जमीन की गैर-कृषि (एनए) स्थिति और प्लांटों को दी गई अन्य अनुमतियों की वैधता की जांच करने की मांग की गई है।
■ 2 दिसंबर 2025 को बॉम्बे हाईकोर्ट में हुई सुनवाई
इस मामले में संजय दीनानाथ तिवारी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल \[एल\] क्रमांक 19162/2025) दाखिल की थी। 2 दिसंबर 2025 को न्यायमूर्ति एम. एस. सोनक और न्यायमूर्ति अद्वैत एम. सेठना की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान आरएमसी प्लांट संचालकों को याचिका में पक्षकार नहीं बनाए जाने के कारण अदालत ने याचिका का निस्तारण कर दिया और याचिकाकर्ता को उचित पक्षकारों के साथ नई कार्यवाही दाखिल करने की स्वतंत्रता दी।
हालांकि, अदालत ने बीएमसी और एमपीसीबी से अपेक्षा जताई कि वे शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए धूल और ध्वनि प्रदूषण के आरोपों की जांच करें। यदि जांच में शिकायतों में सच्चाई पाई जाती है, तो संबंधित पक्षों को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के तहत सुनवाई का अवसर देते हुए कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
■ बीएमसी आयुक्त और एमपीसीबी से तत्काल कार्रवाई की मांग
हाईकोर्ट के निर्देशों और पहले किए गए पत्राचार का हवाला देते हुए संजय तिवारी ने 12 जनवरी 2026 को बीएमसी आयुक्त कार्यालय और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के समक्ष एक और आवेदन प्रस्तुत किया। इसमें कुर्ला (पश्चिम) और आसपास संचालित सभी आरएमसी प्लांटों का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की गई है।
आवेदन में प्लांटों के वैध परमिट, लाइसेंस, अनापत्ति प्रमाणपत्र और पर्यावरण संबंधी अनुमतियों का सत्यापन करने के साथ ही वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच करने की मांग की गई है।शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि निरीक्षण और जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित प्लांट संचालकों को नोटिस जारी कर कानून के तहत उनके संचालन को निलंबित करने अथवा बंद करने सहित उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन किया जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें लिखित रूप में दी जाए।
फिलहाल शिकायतकर्ता संजय तिवारी ने प्रशासन से हाईकोर्ट की अपेक्षाओं के अनुरूप मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में आरएमसी प्लांट संचालकों का पक्ष और संबंधित विभागों की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


