■ मनीष नगर के पास अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर फेंका पत्थर, किसी यात्री को चोट नहीं; वर्धा के पास रेलवे कर्मचारियों ने की अस्थायी मरम्मत।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई जा रही नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। 23 नवंबर 2026 को नागपुर के मनीष नगर के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के ए-2 कोच की खिड़की पर पत्थर फेंका, जिससे खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और ट्रेन का परिचालन भी प्रभावित नहीं हुआ। एक महीने के भीतर इसी ट्रेन पर पथराव की यह दूसरी घटना है।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना 23 नवंबर को उस समय हुई, जब नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस अजनी रेलवे स्टेशन पार करने के बाद मनीष नगर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के ए-2 कोच की खिड़की पर पत्थर फेंका। पत्थर लगने से खिड़की का बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने वर्धा रेलवे स्टेशन के पास खिड़की के शीशे की अस्थायी मरम्मत की। इसके बावजूद ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना होती रही।
■ एक महीने पहले भी तीन कोच पर हुआ था पथराव
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12290) पर पथराव की घटना हुई थी। उस समय बोरखेड़ी स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन के ए-1, बी-2 और बी-5 कोच की खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। उस घटना में भी किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी।घटना की जानकारी मिलने के बाद रात करीब 8 बजकर 46 मिनट पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने जांच शुरू की थी।
■ गांवों में भी चलाया गया था तलाशी अभियान
पिछली घटना के बाद पुलिस ने बोरखेड़ी और सिंधी के बीच किलोमीटर संख्या 803 से 796 तक तलाशी अभियान चलाया था। इसके अलावा बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांवों के आसपास के इलाकों की भी जांच की गई थी। पुलिस ने गांव के पुलिस पाटिल और स्थानीय नागरिकों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सबूत नहीं मिला था।ट्रेन में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों और यात्रियों ने भी पुष्टि की थी कि रात करीब 8 बजकर 27 मिनट पर बाहर से किसी वस्तु अथवा पत्थर के टकराने के कारण खिड़कियों के शीशे टूटे थे।
■ वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी हो चुका है पथराव
इससे पहले मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस पर सूरत के पास पथराव की घटना हुई थी। उस समय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी ट्रेन में सफर कर रही थीं, हालांकि वह उस कोच में मौजूद नहीं थीं, जिस पर पत्थर फेंका गया था। घटना के बाद आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था।
फिलहाल नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर ताजा पथराव की घटना को लेकर रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।


