■ डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और सांसद वर्षा गायकवाड़ सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद व हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल।
मुंबई वार्ता संवाददाता

संविधान दिवस के अवसर पर मुंबई कांग्रेस की ओर से गुरुवार, 26 नवंबर को ‘संविधान बचाव रैली’ का आयोजन किया गया है। यह रैली दोपहर 3 बजे खेरवाड़ी जंक्शन से शुरू होकर बांद्रा पूर्व स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाली जाएगी।


मुंबई कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस रैली में कांग्रेस के महाराष्ट्र एवं मुंबई प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।कांग्रेस ने लोकतंत्र और संविधान के कथित उल्लंघन के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग तथा भारतीय जनता पार्टी के कामकाज के खिलाफ सत्याग्रह शुरू किया है। इसी आंदोलन के तहत संविधान दिवस पर मुंबई में इस रैली का आयोजन किया जा रहा है।
मुंबई कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग की मदद से चुनावों में वोटों की चोरी कर रही है। पार्टी ने दावा किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के माध्यम से लाखों नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और इससे लोकतंत्र तथा संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंच रहा है।
मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।राजहंस ने कहा कि जब तक कथित वोट चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों के इस्तीफे नहीं होते, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संविधान की रक्षा के लिए आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।


