मुंबई के माहिम में ज्वेलर्स की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बिश्नोई गैंग द्वारा वसूली के विवाद में दहशत फैलाने की आशंका।

Date:

■ हेलमेट पहने दो हमलावर फरारतीन गोलियां चलाईं, दुकान का शीशा टूटा; बाल-बाल बचे ज्वेलर्स के मालिक, आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ,भिवंडी रवाना

मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के माहिम इलाके में बुधवार शाम एक ज्वेलर्स की दुकान पर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। शोभा होटल के पास स्थित पी. सी. जैन ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, गोलीबारी में दुकान के सामने का कांच टूट गया। सूत्रों के अनुसार बिश्नोई गैंग के गुंडों गत.एक महीने से ज्वेलर को रंगदारी के लिए धमका रहे थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ज्वेलर्स से कथित वसूली के विवाद में दहशत फैलाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। दुकान के मालिक भरत जैन इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई, जहां उनका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। भरत जैन ने ही गोलीबारी की सूचना पुलिस को दी थी।

■ हेलमेट पहनकर आए थे दोनों हमलावर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दो हमलावर पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर ज्वेलर्स की दुकान के बाहर पहुंचे थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। बताया जा रहा है कि वे बांद्रा की दिशा से आए और शोभा होटल के पास यू-टर्न लेकर दुकान के नजदीक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मोटरसाइकिल खड़ी कर दुकान की ओर तीन गोलियां चलाईं और माहिम की तरफ जाने वाले रास्ते से फरार हो गए।गोलीबारी के समय दुकान के मालिक भरत जैन दुकान के अंदर ही मौजूद थे। हमलावरों की गोलियों से दुकान के सामने लगा कांच टूट गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।

■ भिवंडी की दिशा में भागने की आशंका, पुलिस की टीमें रवाना

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध हमलावरों की पहचान कर ली है। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद भिवंडी की दिशा में फरार हुए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम भिवंडी की ओर रवाना की गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच कर रही है।जिस स्थान पर गोलीबारी हुई, वह माहिम का बेहद व्यस्त और घनी आबादी वाला इलाका है। शोभा होटल के पास चार रास्ते होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। शाम के समय इस इलाके में काफी भीड़ होती है। ऐसे में रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र के बीच हुई इस गोलीबारी ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि मुंबई में कुछ दिन पहले ही अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। अब माहिम में ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाए जाने से शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोलीबारी के पीछे वसूली का विवाद था या कोई अन्य वजह। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के वास्तविक मकसद का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त ज्वेलर ने पहले भी माहिम पुलिस थाने में बिश्नोई गैंग द्वारा दी जा रही धमकी संबंधित शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related