राजन बलसाने /मुंबई वार्ता

शहर की सफाई व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए उल्हासनगर महानगरपालिका की प्रशासक तथा आयुक्त मनिषा आव्हाले ने गुरुवार को औचक निरीक्षण दौरा किया। यह निरीक्षण शिवाजी चौक से शुरू होकर फारवर लाईन चौक, साईबाबा मंदिर, तीन नंबर ओटी मार्ग, रेणुका चौक, अशोक सम्राट नगर, नेहरू चौक, गोल मैदान चौक होते हुए 27 नंबर शाळा क्षेत्र तक संपन्न हुआ।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पंडित जवाहरलाल नेहरू विद्यालय परिसर में भी स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया।


कुछ स्थानों पर गंदगी और कचरा नजर आने पर उन्होंने संबंधित सफाई कर्मचारियों को फटकार लगाई। वहीं, वार्ड क्षेत्र में सफाई की लापरवाही पर आयुक्त ने वॉर्ड प्रमुख वलवी से सीधा सवाल किया कि क्या उल्हासनगर की जनता के साथ ऐसा व्यवहार करना उचित है।
मनिषा आव्हाले ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि स्वच्छता के प्रति किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।यह निरीक्षण दौरा प्रशासन की सजगता को दर्शाता है और साथ ही कर्मचारियों को भी यह स्पष्ट संदेश देता है कि अब काम में लापरवाही पर सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।


