सौरभ शांडिल्य / मुंबई वार्ता

आनंदवन सत्संग मंडल के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय 61 वां ज्ञानयज्ञ महोत्सव पूर्णाहुति एवं संत भंडारे के साथ समाप्त हो गया। कांदिवली पश्चिम, एसवी रोड स्थित आनंदवन आश्रम में 13 से 15 दिसंबर तक चले तीन दिवसीय ज्ञानयज्ञ महोत्सव का उद्घाटन संन्यास आश्रम विले पार्ले के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज ने किया था जबकि ज्ञान यज्ञ महोत्सव की अध्यक्षता आश्रम के प्रमुख महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद गिरी महाराज ने की।


इस उत्सव में महाराष्ट्र के साथ देश के कोने कोने से संत महात्मा शामिल हुए। तीन दिनों तक विद्वान संत महात्माओं ज्ञान गंगा प्रवाहित की।आनंदवन आश्रम के प्रभारी योगाचार्य ब्रह्मचारी शुकदेव शास्त्री ने बताया कि द्वादश दर्शनाचार्य ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी काशिकानंद गिरि महाराज द्वारा प्रतिष्ठापित आनंदवन आश्रम में उनकी जन्म शताब्दी वर्ष के निमित्त इस ज्ञानयज्ञ महोत्सव की विशेष आयोजन किया गया।
तीन दिनों तक दो सत्रों में, विभिन्न विषयों पर विद्वान संतों ने प्रवचन की ज्ञान गंगा प्रवाहित की। उत्सव के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी चिदंबरानंद सरस्वती, स्वामी दिव्यानंद सरस्वती, स्वामी देवानंद, स्वामी दिव्यानंद पुरी, स्वामी शंकरानंद सरस्वती, स्वामी आशुतोषानंद आदि संत महात्मा उपस्थित थे। इस अवसर पर भक्तों के बीच उपस्थित रहकर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने भी संतों का आशीर्वाद लिया।