■ गौतम प्रतिष्ठान प्रणाम सम्मान- 2026 से सम्मानित होंगे वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह।
मुंबई वार्ता संवाददाता

सुनील सिंह तीन दशकों से स्तरीय और समाज हित की पत्रकारिता कर रहे है। लगातार 20 वर्षों तक सुनील सिंह NDTV से जुड़े रहे। वर्तमान में श्रेष्ठ भारत की संपादकीय टीम में प्रमुख भूमिका निभा रहे है। दिखावे और बनावटीपन से दूर सुनील सिंह एक सहज सरल-इंसान है। आगामी 23 जनवरी को आयोजित होने वाले भव्य सम्मान समारोह में दैनिक भास्कर के संपादक और वरिष्ठ लेखक भुवेंद्र त्यागी जी के कर कमलों से उन्हें प्रतिष्ठित प्रणाम सम्मान प्रदान किया जाएगा।


गौतम प्रतिष्ठान द्वारा समाज में श्रेष्ठ एवं अनुकरणीय कार्य करने वाले युग नायकों को प्रतिवर्ष प्रदान दिए जाने वाले प्रतिष्ठित “प्रणाम सम्मान समारोह” का आयोजन इस वर्ष शुक्रवार 23 जनवरी को सेंट्रल रेलवे ऑफिसर क्लब, रुइया कॉलेज के सामने, माटुंगा सेंट्रल, मुंबई में किया जा रहा है।
गौतम प्रतिष्ठान के ट्रस्टी डॉ. मुकेश गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मान समारोह के अंतर्गत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दिग्गज हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें कला, खेल, भाषा, पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, हिंदी विकास, काव्य मंच तथा कॉमेडी के क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल हैं।


डॉ. गौतम ने कहा कि “प्रणाम सम्मान” का उद्देश्य समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के कार्यों को सार्वजनिक मंच पर सम्मान देकर नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा और प्रेरणा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आलोक भट्टाचार्य स्मृति सम्मान वरिष्ठ हास्य कवि-लेखक आश करण अटल जी को प्रदान किया जाएगा।
भारत में स्टैंडअप कॉमेडी के जनक कहे जाने वाले के.के. नायकर जी, वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह (पत्रकारिता), स्टार हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री और अर्जुन अवॉर्ड विजेता वंदना कटारिया (खेल), अशोक कन्नौजिया (राजभाषा प्रचार-प्रसार), विश्व चैंपियन हॉकी टीम के सदस्य ओलंपियन ओंकार सिंह, पूर्व इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी इकबाल मैंदर्गी,एक सौ वर्षों से संगीत शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था “कल्याण गायन समाज” (कला), कैंसर रोगियों के लिए काम करने वाली संस्था “वी केयर” (समाज सेवा), समुद्री तटों को स्वच्छ बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वाले युवाओं के समूह “चेंज इज अस” को प्रणाम सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ पत्रकार-लेखक दैनिक भास्कर के संपादक भुवेंद्र त्यागी जी तथा आईडीबीआई बैंक के कार्य. निदेशक त्रिलोक शर्मा जी के द्वारा इन युग नायकों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ.मुकेश गौतम, डॉ.निशा मिश्रा और डॉ.पूजा हे. अलापुरिया की पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।
गौतम प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक सशक्त परंपरा के रूप में स्थापित हो चुका है।देखो अगर छप पाए भाई


