श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में नागरी विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भारत का पहला ई-TDR (Transferable Development Rights) ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म 15 अप्रैल 2026 से पूर्ण क्षमता के साथ शुरू करने की घोषणा की है।


महाराष्ट्र सरकार के नगर विकास विभाग की पहल और BMC के सहयोग से तैयार इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अब TDR से जुड़े सभी लेन-देन ऑनलाइन, पारदर्शी और तेज तरीके से किए जा सकेंगे। यह प्रणाली https://etdr.mcgm.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध होगी, जहां खरीदार और विक्रेताओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रहेगा।
इस नई व्यवस्था से मुंबई में आरक्षित भूखंड, फ्लोर स्पेस इंडेक्स (FSI) और विकास अधिकारों से जुड़े लेन-देन में पारदर्शिता और सरलता आएगी। अब खरीदार और विक्रेता सीधे प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन कर TDR खरीद-बिक्री के लिए बोली लगा सकेंगे और आपसी सहमति से सौदे को अंतिम रूप दे सकेंगे।
इस प्रणाली का प्रायोगिक उद्घाटन देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया था, जिसमें एकनाथ शिंदे भी उपस्थित थे। अब इसे 15 अप्रैल से औपचारिक रूप से लागू किया जा रहा है।
BMC आयुक्त अश्विनी भिडे के अनुसार, इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए TDR लेन-देन अधिक सुरक्षित, तेज और पारदर्शी होंगे, जिससे मुंबई में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को गति मिलेगी।
■ क्या है TDR?
जब किसी जमीन का अधिग्रहण सार्वजनिक परियोजनाओं (जैसे सड़क, पार्क आदि) के लिए किया जाता है, तो जमीन मालिक को नकद मुआवजे की बजाय अतिरिक्त निर्माण अधिकार दिए जाते हैं। इन्हें Development Rights Certificate (DRC) कहा जाता है, जिन्हें मालिक अन्य डेवलपर्स को बेच सकता है या खुद इस्तेमाल कर सकता है।
ई-TDR सिस्टम की प्रमुख खासियतें:
पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी
KYC आधारित रजिस्ट्रेशन और सुरक्षित बैंक इंटीग्रेशन
ऑनलाइन बोली और डिजिटल पेमेंट सुविधा
हर सौदे का डिजिटल कॉन्ट्रैक्ट नोट
AI आधारित डेटा विश्लेषण और रिकॉर्ड प्रबंधन
इस प्लेटफॉर्म के जरिए न सिर्फ बड़े डेवलपर्स बल्कि छोटे बिल्डर्स और आम नागरिकों को भी समान अवसर मिलेगा। इससे TDR बाजार अधिक संगठित और प्रतिस्पर्धी बनेगा।
नई ई-TDR प्रणाली को मुंबई के नागरी प्रशासन को अधिक पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे के विकास को निश्चित रूप से गति मिलेगी।


