मुंबई वार्ता/विपिन शुक्ल

कल्याण पूर्व के चिंचपाड़ा रोड स्थित प्रसिद्ध भगवान अय्यप्पा मंदिर की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा कल्याण स्टेशन रोड से कटेमानेवली नाका तक निकाली गई, जिसमें श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम दृश्य देखने को मिला।


सजे-धजे रथ पर विराजमान भगवान अय्यप्पा की मनोहारी प्रतिमा के दर्शन के लिए मार्गभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ढोल-ताशों की गूंज, भजनों और दिव्य मंत्रोच्चार के बीच सैकड़ों महिला-पुरुष नाचते-गाते शोभायात्रा में सहभागी बने। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण छा गया।शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की अनुशासित भागीदारी और सेवाभाव ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया। मंदिर समिति की ओर से व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त करने वाला आयोजन बताते हुए मंदिर समिति की सराहना की। स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का यादगार उत्सव बन गई।



Nice