मुंबई वार्ता संवाददाता

जनशक्ति फाउंडेशन एवं जीवन ज्योति प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम “एक शाम शहीदों के नाम” इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। बीते 15 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को “मुंबईकर गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जाता है।


इस वर्ष वीरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु भारत सरकार के आईआरएस अधिकारी श्री समीर वानखेड़े को सम्मानित किया जाएगा। वहीं पत्रकारिता को नई दिशा देने के लिए मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह तथा जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए विधायक मुरजी पटेल को सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा फेरीवालों के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले नेता दया शंकर सिंह को भी सम्मानित किया जाएगा।


कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है, जिसमें हास्य और मंच संचालन की जिम्मेदारी सुप्रसिद्ध कवि सुरेश मिश्र निभाएंगे। बुंदेलखंड से डॉ. राज बुंदेली तथा भोपाल से ओज के प्रखर कवि रुद्र प्रताप सिंह अपनी काव्य प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।इस आयोजन का संचालन जय शंकर सिंह द्वारा किया जा रहा है, जबकि सह-आयोजन में अशोक पांडे, रुपेश दांडेकर, किशोर धोत्रे, दशरथ सावंत, सोनल पटेल, प्यारी यादव और विपुल गुप्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


कार्यक्रम में विशेष रूप से इंद्रसेन उपाध्याय, शिवश्याम तिवारी, लव कुश तिवारी एवं मनोज व्यास की उपस्थिति रहेगी। इस आयोजन के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय सुनील यादव एवं स्वर्गीय राजकुमार गुप्ता हैं।कार्यक्रम का आयोजन स्व. रमेश मोरे चौक, अंधेरी पूर्व में किया जाएगा तथा इसका मार्गदर्शन टीवी 9 महाराष्ट्र-गोवा के ब्यूरो प्रमुख जय प्रकाश सिंह द्वारा किया जा रहा है।
यह आयोजन न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम है, बल्कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर नई प्रेरणा देने का भी एक सशक्त मंच बन चुका है।


