मुंबई वार्ता संवाददाता

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने अपने 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्लेटिनम जुबली उत्सव हर्षोल्लास एवं सेवा-संकल्प के साथ मनाया। 24 फरवरी 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा कानपुर में कर्मचारी राज्य बीमा योजना का शुभारंभ किया गया था। तब से यह योजना देश के औद्योगिक श्रमिकों के लिए सशक्त सामाजिक सुरक्षा कवच के रूप में निरंतर विकसित होती रही है।


औद्योगिक प्रगति और विशाल श्रमिक वर्ग के कारण महाराष्ट्र ईएसआईसी के प्रमुख केंद्रों में रहा है और इस सुरक्षा कवच के विस्तार में अग्रणी भूमिका निभाता आया है।
■ मुंबई कार्यालय को प्रथम स्थान, निदेशक सम्मानित
प्लेटिनम जुबली वर्ष के अवसर पर ईएसआईसी महाराष्ट्र की निदेशक अभिलाषा झा को भारत सरकार के केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा सम्मानित किया गया। मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय को माध्यम श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।राज्यभर में उत्सव और सेवा गतिविधियांमुंबई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय सहित मरोल, ठाणे, पुणे, नागपुर, नासिक और छत्रपति संभाजी नगर के उप-क्षेत्रीय कार्यालयों में इस आयोजन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि श्रम सेवा के संकल्प के रूप में मनाया गया।


प्लेटिनम जुबली के अवसर पर राज्य के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों और नियोजकों को ईएसआई योजना के अंतर्गत उपलब्ध लाभों और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
■ विकेंद्रीकरण से सुदृढ़ सेवा नेटवर्क
महाराष्ट्र की भौगोलिक विशालता और विविध औद्योगिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए ईएसआईसी ने अपनी सेवाओं का प्रभावी विकेंद्रीकरण किया है। मुंबई, ठाणे और नई मुंबई-रायगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र, पुणे के ऑटोमोबाइल एवं आईटी हब, नासिक के उभरते विनिर्माण क्षेत्र, छत्रपति संभाजी नगर के मराठवाड़ा क्षेत्र तथा नागपुर के विदर्भ औद्योगिक गलियारे तक यह सुरक्षा कवच सुदृढ़ नेटवर्क के माध्यम से पहुंच रहा है। कोल्हापुर की शुगर मिलों से लेकर सोलापुर के पावरलूम उद्योग तक लाखों श्रमिक इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
■ आधुनिक सुविधाएं और प्रत्यक्ष लाभ
राज्यभर के ईएसआईसी अस्पतालों एवं औषधालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। गंभीर बीमारियों के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों के साथ पैनल अनुबंध किए गए हैं।आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में 90 प्रतिशत वेतन दर से अक्षमता लाभ तथा दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को देय मासिक पेंशन सीधे बैंक खातों में समयबद्ध रूप से जमा की जा रही है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में मातृत्व लाभ के अंतर्गत 26 सप्ताह का सवेतन अवकाश कार्यशील महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है।
■ राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में ईएसआईसी क्षेत्रीय कार्यालय, मुंबई को माध्यम क्षेत्रीय कार्यालय की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।इसके अतिरिक्त, ईएसआईसी अस्पताल, बिवेवेवाड़ी (पुणे) को लगातार तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ अस्पताल का सम्मान मिला, जबकि उप-क्षेत्रीय कार्यालय, नासिक को छोटे क्षेत्रीय कार्यालय की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान 24 फरवरी 2026 को आयोजित समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री द्वारा दिया गया।
■ सेवा, दक्षता और प्रतिबद्धता का प्रतीक
यह उपलब्धि ईएसआईसी महाराष्ट्र क्षेत्र द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक दक्षता, उत्कृष्ट सेवा प्रदायगी, शिकायत निवारण और संगठनात्मक प्रदर्शन में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का प्रमाण है।ईएसआईसी महाराष्ट्र क्षेत्र श्रमिकों और उनके आश्रितों को सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के अपने संकल्प को और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


