मुंबई वार्ता संवाददाता

कुर्ला से ट्रॉम्बे के बीच प्रस्तावित रेलवे मार्ग के निर्माण कार्य के चलते हजारों परिवारों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे उनके घरों पर तोड़फोड़ का खतरा मंडरा रहा है। इस स्थिति से प्रभावित इलाकों में भय और अनिश्चितता का माहौल बन गया है।इस मुद्दे को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा एकनाथ गायकवाड ने लोकसभा में जोरदार तरीके से आवाज उठाई।


उन्होंने कहा कि यह केवल झोपड़पट्टी का मामला नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की जिंदगी और उनके बच्चों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लोगों के घरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए या फिर उन्हें उचित और सम्मानजनक पुनर्वास दिया जाए।


गायकवाड ने यह भी बताया कि इस विषय पर संबंधित मंत्री और अधिकारियों से मुलाकात कर सर्वेक्षण कराने और पुनर्वास की ठोस योजना तैयार करने की मांग की गई है।


उन्होंने चिंता जताई कि मुंबई में लाखों लोग झोपड़पट्टियों में रहते हैं, लेकिन उनके पुनर्वास के लिए कोई स्पष्ट और प्रभावी नीति मौजूद नहीं है। ऐसे में राज्य और केंद्र सरकार को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है।


