मुंबई वार्ता/ हरीशचंद्र पाठक
लंबे समय से चांदीवली विधानसभा के नागरिकों को राशन कार्ड के काम के लिए कुर्ला पूर्व के नेहरूनगर में जाना पड़ता है। ३२-ई कुर्ला राशनिंग कार्यालय की सीमा रेखा साकीनाका, पवई तूंगा गांव तक आती है। जिसके कारण यहां के नागरिकों को कुर्ला पूर्व के राशनिंग कार्यालय में जाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण कुर्ला पश्चिम में एक नए राशनिंग कार्यालय बनाने की मांग तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुर्ला पूर्व के नेहरूनगर राशनिंग कार्यालय के अधीन करीब पवने दो सौ के करीब राशनिंग दुकानें हैं। बताया जाता है कि इस राशनिंग कार्यालय की सीमा रेखा पूर्व में चुनाभट्टी से लेकर चांदीवली विधानसभा के पवई तूंगा गांव तक फैली हुई है। करीब नौ किलोमीटर की सीमा रेखा तक की राशनिंग दुकानों का कामकाज इस कार्यालय के अधीन है। लेकिन कुर्ला पश्चिम और चांदीवली विधानसभा के लोगों को राशन कार्ड के कामकाज के लिए कुर्ला नेहरूनगर के राशनिंग कार्यालय तक पहुंचने के लिए रेलवे पूल पार करके जाना पड़ता है।
इसके अलावा इस मार्ग पर सदेव ही ट्रैफिक जाम रहता है। जिसके कारण महिला और वरिष्ठ नागरिकों को कुर्ला ३२- ई राशनिंग कार्यालय में पहुंचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राकांपा चांदीवली विधानसभा के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय लोगों को राशन कार्ड में नाम बढ़ाने, नाम कटाने , सालाना आय, अन्य कार्यों के लिए नागरिकों को कुर्ला राशनिंग कार्यालय बार बार जाना पड़ता है।साकीनाका, चांदीवली, पवई तूंगा गांव, खैरानी रोड और संघर्ष नगर के निवासियों को नेहरूनगर राशनिंग कार्यालय काफी दूर पड़ता है।
ऐसे में कुर्ला पश्चिम और चांदीवली विधानसभा के नागरिकों के लिए साकीनाका के आसपास नया राशनिंग कार्यालय खोलने की मांग राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत दादा पवार और खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री से राकांपा नेता सुरेंद्र सिंह ने की है।


