मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद शुक्रवार (16 जनवरी) को मुंबई उपनगर के गोवंडी स्थित रफीक नगर, वार्ड नंबर 134 में तनाव फैल गया। चुनाव परिणाम सामने आते ही एक स्थानीय परिवार पर कथित तौर पर समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई।


पीड़ित परिवार के अनुसार, घर के बाहर अन्य लोगों की तरह वे भी चुनाव परिणाम के बाद छोटा-सा डीजे बजा रहे थे। इसी दौरान सफीक, उसके बड़े भाई तौहीद और करीब 18–20 अन्य लोग मौके पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान पीड़ित की 16 वर्षीय बहन को पेट में लात मारी गई।
बताया जा रहा है कि वह पहले से ही एक बीमारी का इलाज करा रही है, हमले के बाद वह बेहोश हो गई। उसे तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।पीड़ित ने दावा किया है कि हमले के वीडियो उपलब्ध हैं और सभी आरोपियों के नाम पुलिस शिकायत में दर्ज कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गोवंडी से चुनाव जीतने वाले एआईएमआईएम नेता अतीक़ी अहमद ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी नेता अबू आसिम आज़मी को हराकर यह सीट जीती है।
अहमद ने कहा कि यह हिंसा पूरी तरह अस्वीकार्य और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है।पत्रकारों से बातचीत में अतीक़ी अहमद ने कहा, “अगर कोई गुंडागर्दी करेगा, तो हम कानून के रास्ते से जवाब देंगे। हम गुंडों के खिलाफ सख्त हैं और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने बताया कि वह घायल पीड़ितों से मिलने के लिए राजावाड़ी अस्पताल जा रहे हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें उचित इलाज मिले।
अहमद ने यह भी कहा कि चुनावी जश्न बाद में हो सकता है, लेकिन फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता है।


