■ मृतक की पहचान हुई, पत्नी हिरासत में
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के जुहू कोलीवाडा चौपाटी इलाके में एक बोरे के अंदर एक युवक का छिन्न-भिन्न और सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव का सिर गायब था। पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए मृतक की पहचान कर ली है और इस मामले में उसकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है।


जानकारी के मुताबिक, जुहू कोलीवाडा समुद्र तट के पास एक संदिग्ध बोरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोला तो उसके अंदर एक पुरुष का सड़ा-गला शव मिला। सिर न होने के कारण शुरुआती तौर पर पहचान करना मुश्किल था, लेकिन तकनीकी जांच और गुमशुदा व्यक्तियों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनिल गौड़ (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है। अनिल 29 जनवरी से लापता था और उसके गुमशुदा होने की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। आशंका है कि शव करीब 10 से 12 दिनों से बोरे में पड़ा था, जिससे वह पूरी तरह सड़ चुका था। मुंबई पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
प्राथमिक संदेह के आधार पर अनिल गौड़ की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। यह हत्या घरेलू विवाद का नतीजा है या इसके पीछे कोई और वजह, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। शव का सिर अब तक नहीं मिला है, जिसकी तलाश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।


