‘टी-तुष्टिकरण, एम-माफिया और सी-क्राइम नेटवर्क’ की राजनीति चल रही है – प्रेम शुक्ल।

Date:

● बंगाल से पंजाब तक लोकतंत्र पर प्रहार का आरोप

मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने पश्चिम बंगाल, पंजाब और कांग्रेस नेतृत्व को लेकर एक साथ तीखा हमला बोला है। मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में लोकतंत्र, कानून व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सुनियोजित ढंग से कमजोर किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने महाराष्ट्र में भाजपा को मिले हालिया जनादेश के लिए जनता का आभार भी व्यक्त किया।

बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया पर टीएमसी पर गंभीर आरोपप्रेम शुक्ल ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजनीति राज्य को ‘बांग्लादेशीकरण’ की दिशा में धकेल रही है।

● अशोक दास मामला: दबाव, धमकी और आत्महत्या

जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 110 के बूथ लेवल ऑफिसर अशोक दास के मामले का उल्लेख करते हुए प्रेम शुक्ल ने कहा कि टीएमसी नेताओं अनन्या बनर्जी और राजू बिस्वास ने उन पर मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम न हटाने का दबाव बनाया।

उन्होंने बताया कि अशोक दास को जान से मारने की धमकियां दी गईं और उनके परिवार को भी डराया गया। लगातार उत्पीड़न से आहत होकर अशोक दास ने आत्महत्या कर ली।उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में आज ‘टी-तुष्टिकरण, एम-माफिया और सी-क्राइम नेटवर्क’ जैसी राजनीति हावी है।

उनका कहना था कि यदि मुख्यमंत्री संविधान का सम्मान करतीं तो आपराधिक प्रवृत्ति वाले कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई होती और अशोक दास को न्याय मिलता।

● चाकुलिया में सरकारी संपत्ति को नुकसान

प्रेम शुक्ल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर उत्तरी दिनाजपुर के चाकुलिया क्षेत्र में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने चुनाव कार्यालय की मशीनों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा पर फेंसिंग की बार-बार मांग के बावजूद राज्य सरकार 72 बीएसएफ क्लस्टरों के हस्तांतरण में बाधा डाल रही है।उन्होंने यह भी कहा कि टीएमसी नेता भारी रकम लेकर घुसपैठियों के दस्तावेज बनवाते हैं और इसे अपनी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बना चुके हैं।

● ‘ईमानदारी से काम करना क्या अपराध बन गया?’

चाकुलिया की घटना का हवाला देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि अधिकारियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी कार्यालयों को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल किया कि क्या अब ईमानदारी से सरकारी कर्तव्य निभाना अपराध हो गया है। उनका आरोप था कि पश्चिम बंगाल को जानबूझकर अराजकता की ओर धकेला जा रहा है।

● पंजाब में मीडिया पर कार्रवाई

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में बिना किसी कानूनी आदेश के ‘पंजाब केसरी’ के कार्यालय का ताला तोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रेम शुक्ल ने इसे आपातकाल जैसी स्थिति बताते हुए कहा कि पंजाब में मीडिया की आवाज दबाने का प्रयास हो रहा है और सरकार की आलोचना करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।

● कांग्रेस विधायक के बयान पर तीखा प्रहार

मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयानों को लेकर प्रेम शुक्ला ने कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को लेकर दिए गए बयान अमानवीय, असंवेदनशील और संविधान विरोधी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदू धर्मग्रंथों में कहीं भी महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को पुण्य बताने का उल्लेख नहीं है।

● कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल

प्रेम शुक्ल ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने और संबंधित विधायक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और इस तरह के बयान समाज को गलत दिशा में ले जाने वाले हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related