मुंबई वार्ता संवाददाता

मालाड पूर्व स्थित दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र के प्रभाग 43 अंतर्गत कोंकणीपाड़ा, कुरार विलेज में डीजीएस बिल्डर के निर्माण कार्य के कारण गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्डर की लापरवाही से प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था बाधित हो गई, जिसके चलते बारिश का पानी सीधे घरों में घुस गया और कई घरों में कमर तक पानी भर गया। is बात की जानकारी स्थानीय पूर्व भाजपा नगर सेवक विनोद मिश्र ने दी है।


उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के करीब 12.15 बजे के वीडियो में स्थिति की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को घरों के अंदर भरे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है। कई परिवारों का खाद्यान्न, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान पानी में डूबकर खराब हो गया है।
रहवासियों के अनुसार, घरों में लगे बिजली के सॉकेट और वायरिंग भी पानी में डूब गए हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट और करंट लगने जैसी गंभीर दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है। वहीं, सड़कों पर जलभराव के कारण रात के समय हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डीजीएस बिल्डर के निर्माण कार्य के चलते इलाके की प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था बंद हो गई है, जिससे बारिश का पानी बाहर निकलने के बजाय सीधे घरों में प्रवेश कर रहा है।
प्रभाग 43 के रहवासियों और सामाजिक कार्यकर्ता विनोद मिश्रा ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी), स्लम पुनर्विकास प्राधिकरण (एसआरए) और मुंबई पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बीएमसी से पंप और टैंकर की मदद से पानी निकालने तथा ड्रेनेज की सफाई कराने, मुंबई पुलिस से डीजीएस बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने और एसआरए से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने तक निर्माण कार्य अस्थायी रूप से बंद कराने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह केवल जलभराव का मुद्दा नहीं, बल्कि लोगों की जान से जुड़ा मामला है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे या करंट लगने से जानमाल का नुकसान हो सकता है।
यह प्रभावित क्षेत्र कोंकणीपाड़ा, कुरार विलेज, मालाड पूर्व, मुंबई-400097, पी/नॉर्थ वार्ड के अंतर्गत आता है।


