मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के धारावी इलाके में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।


धारावी पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अश्विन शिवकुमार नादर के रूप में हुई है। उस पर उसके ही परिचित आशिक असीम अख्तर खान ने 20 से अधिक बार चाकू से हमला किया और उसका गला भी रेत दिया।


प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत दुश्मनी चल रही थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी हमले के दौरान लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था और चिल्ला रहा था कि वह किसी को नहीं छोड़ेगा और जो भी बीच में आएगा उसे भी मार देगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को मौके पर ही खून से सना चाकू हाथ में लिए खड़ा पाया गया। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


