मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11,060 प्रतिबंधित वॉकी-टॉकी सेट और सेकेंड-हैंड हार्ड डिस्क ड्राइव जब्त किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 9.25 करोड़ रुपये आंकी गई है।


सूत्रों के अनुसार, यह खेप नियमों का उल्लंघन करते हुए आयात की जा रही थी। वॉकी-टॉकी सेट्स पर खास प्रतिबंध होता है और इनके आयात के लिए आवश्यक अनुमति अनिवार्य होती है। वहीं, इस्तेमाल किए गए (सेकेंड-हैंड) हार्ड डिस्क ड्राइव्स के आयात पर भी सख्त नियम लागू हैं, क्योंकि इनमें डेटा सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े जोखिम होते हैं।


डीआरआई अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर कंटेनर की जांच की, जिसमें यह बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद हुआ। इस मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस खेप के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस मामले में कस्टम कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सकता है।


