■ पीवीएस मीडिया अवॉर्ड्स–2025 में पत्रकारों का सम्मान
मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ एवं चर्चित अधिकारी समीर वानखेड़े ने कहा कि पत्रकारों की सतर्क निगाह के कारण प्रशासन भी अधिक जिम्मेदारी और सतर्कता से काम करता है। जब पत्रकार और प्रशासन साथ-साथ अपनी भूमिका निभाते हैं, तब समाज सुरक्षित रहता है।


वानखेड़े शनिवार को मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित साई पैलेस ग्रैंड होटल में आयोजित पत्रकार विकास संघ (पीवीएस) के 17वें वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।


इस अवसर पर पत्रकार विकास संघ की ओर से अध्यक्ष आनंद मिश्र, महासचिव अजय सिंह और प्रमुख सलाहकार सुनील सिंह ने उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जोन-11 के डीसीपी संदीप जाधव विशेष रूप से उपस्थित रहे।


पत्रकार विकास संघ पिछले 17 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित करता आ रहा है। इस वर्ष भी भव्य समारोह में पत्रकारिता के विभिन्न माध्यमों से जुड़े पत्रकारों, संपादकों और मीडिया कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


इस वर्ष श्रेष्ठ संपादक पीवीएस ज्यूरी अवॉर्ड–2025 से ‘आपलं महानगर’ के संपादक संजय सावंत और पीवीएस ज्यूरी रजत जयंती अवॉर्ड–2025 से ‘दैनिक जागरण’ के वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश तिवारी को सम्मानित किया गया।पीवीएस जीवन गौरव (पत्रकारिता) अवॉर्ड–2025 ‘दोपहर का सामना’ के वरिष्ठ पत्रकार शेषनाथ सिंह को प्रदान किया गया, जबकि फोटोग्राफी के क्षेत्र में पीवीएस जीवन गौरव सम्मान प्रदीप धीवर को मिला।


अन्य प्रमुख सम्मानों में बेस्ट पॉलिटिकल रिपोर्टर अवॉर्ड ‘दैनिक महासागर’ के दीपक कैतके को, बेस्ट रिपोर्टर (जनरल कैटेगरी) अवॉर्ड ‘दैनिक भास्कर’ के भानु प्रकाश मिश्र को और बेस्ट क्राइम रिपोर्टर अवॉर्ड ‘एनबीटी’ के डॉ. अखिलेश तिवारी को प्रदान किया गया।युवा पत्रकारों को प्रोत्साहन स्वरूप पीवीएस बेस्ट यंग जर्नलिस्ट अवॉर्ड नम्रता अरविंद दुबे को दिया गया। वहीं, बेस्ट डिजिटल जर्नलिस्ट अवॉर्ड प्रवीण नलावडे, बेस्ट टीवी रिपोर्टर अवॉर्ड कृष्णा सोनारवाडकर, बेस्ट फोटोग्राफर अवॉर्ड शैलेश जाधव और बेस्ट वीडियो जर्नलिस्ट अवॉर्ड राजेंद्र दशरथ धयालकर को सम्मानित किया गया।
अंशकालिक पत्रकारिता के लिए पीवीएस ज्यूरी अवॉर्ड (स्व. शिवा देवनाथ स्मृति) ‘एनबीटी’ के अनिल शुक्ला को तथा पीवीएस ज्यूरी अवॉर्ड (संपादकीय) विक्रम जादव को प्रदान किया गया।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार द्वय अभय मिश्र और सुनील सिंह ने किया। सुप्रसिद्ध गायक विनोद दुबे ने अपने गीतों से जबकि प्रसिद्ध हास्य कवि द्वय महेश दुबे और मुकेश गौतम ने अपनी कविताओं से समारोह को गरिमा प्रदान की।समारोह में समाज, राजनीति, कला, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों की अनेक विशिष्ट हस्तियां उपस्थित रहीं।
इनमें विधायक संजय उपाध्याय, विधायक असलम शेख, भाजपा नेता आचार्य पवन त्रिपाठी, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, पूर्व राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र, समाजसेवी कन्हैयालाल जी. सराफ, डॉ. राधेश्याम तिवारी, पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्र, डॉ. एन. एन. पांडेय, विजय शुक्ल, गंगाराम जमनानी, दिलीप सपाटे (अध्यक्ष, मंत्रालय एवं विधिमंडल वार्ताहर संघ), राजा अदाटे (अध्यक्ष, अखिल भारतीय मराठी पत्रकार परिषद, मुंबई), पद्मभूषण देशपांडे (संपादक, दैनिक प्रहार), दैनिक यश भारत की महाप्रबंधक श्रीमती अरुणा राजेंद्र जैन, सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी राजेंद्र जैन, सह-संपादक श्रीश उपाध्याय, प्रशांत बारशिंग, विजय सिंह कौशिक (स्थानीय संपादक, दैनिक भास्कर), विनोद यादव (कोषाध्यक्ष, मंत्रालय एवं विधिमंडल वार्ताहर संघ), वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, सोनू श्रीवास्तव, अनिल मिश्र, सतीश दुबे, एडवोकेट अशोक मिश्र, संतोष मिश्र, अरविंद मिश्र, अरविंद तिवारी, सुभाष कोलापटे, वाराणसी से मुंबई पधारे पत्रकार विनीत त्रिपाठी, मुंबई भाजपा प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह और अखंड राजपुताना सेवा संघ के महाराष्ट्र अध्यक्ष रामविलास सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में पत्रकारों के सहयोग और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अजय गुप्ता, प्रसिद्ध गायक प्रेम प्रकाश दुबे, सुनील काबरा और अभिषेक जाजू को पीवीएस पत्रकार मित्र सम्मान–2025 से सम्मानित किया गया। संघ के पदाधिकारी समीउल्ला खान ने आभार प्रदर्शन किया और योगीराज भारतेंदु ने बांसुरी वादन कर माउथ ऑरगन पर राष्ट्रगान की धुन बजाई।


