■ कांदिवली के सरस्वती स्पोर्ट्स ग्राउंड में 22 मई को होगा आयोजन
मुंबई वार्ता संवाददाता

सामाजिक सौहार्द्र, समानता और आपसी संवाद को सशक्त करने के उद्देश्य से पत्रकार विकास संघ द्वारा एक भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 22 मई 2025 को कांदिवली (पश्चिम) स्थित सरस्वती स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।


इस विशेष आयोजन में कुल आठ टीमें भाग लेंगी जिनमें पत्रकार, पुलिस, वकीलों, डॉक्टरों, व्यापारियों सहित कवियो की टीमों का समावेश रहेगा।
आयोजन का शुभारंभ प्रातः 9 बजे होगा।पत्रकार विकास संघ लंबे समय से पत्रकारों के हितों के अलावा सामाजिक सौहार्द्र व समन्वय की दिशा में कार्य कर रहा है। यह क्रिकेट टूर्नामेंट उसी सामाजिक उद्देश्य का विस्तार है, जो खेल के माध्यम से विभिन्न वर्गों को एकजुट करने की रचनात्मक पहल है।
पत्रकार विकास संघ के अध्यक्ष आनंद प्रकाश मिश्र के अनुसार, यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि संवाद, सहयोग और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का मंच है।संघ ने आम नागरिकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे सपरिवार इस आयोजन में पधारें, खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और सामाजिक समरसता के इस अनूठे प्रयास का हिस्सा बनें।


