मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पवई स्थित फुकट नगर और मिलिंद नगर क्षेत्र में जल अभियंता विभाग की जमीन पर बने करीब 250 अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी निष्कासन कार्रवाई की। यह संयुक्त अभियान बीएमसी के ‘एस’ वार्ड और जल अभियंता विभाग द्वारा चलाया गया।


यह कार्रवाई उपायुक्त (परिमंडल-6) के मार्गदर्शन तथा सहायक आयुक्त, ‘एस’ वार्ड के नेतृत्व में की गई। प्रशासन के अनुसार सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण किए गए थे, जिन्हें हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।


अभियान में करीब 150 पुलिसकर्मी, ‘एस’ वार्ड और जल अभियंता विभाग के 50 इंजीनियरिंग अधिकारी एवं कर्मचारी, तथा 200 मजदूर तैनात किए गए थे। कार्रवाई के लिए 7 जेसीबी मशीनें, 10 डंपर और अन्य मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल किया गया।
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माणों को हटाकर जमीन पूरी तरह खाली कराई जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित क्षेत्र के चारों ओर तत्काल बाड़बंदी (फेंसिंग) की जाएगी, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और बीएमसी की जमीनों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।


