■ अगले तीन से चार दिन तक कम दबाव और गंदा पानी आने की आशंका, नागरिकों को पानी छानकर और उबालकर पीने की सलाह।
मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पवई उच्चस्तरीय जलाशय क्रमांक-1 (पीएचएलआर-1) से सहार गांव के बीच मुख्य जलवाहिनियों में हुई लीकेज की मरम्मत का काम निर्धारित समय में पूरा कर लिया है। इसके साथ ही मुंबई के जी उत्तर, के दक्षिण, के उत्तर, एच पूर्व, एन और एस विभाग के प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति फिर से बहाल कर दी गई है।


महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, जलवाहिनियों की मरम्मत का काम गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे शुरू किया गया था, जो शुक्रवार, 27 नवंबर को सुबह 9 बजे पूरा हो गया। हालांकि, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अगले तीन से चार दिनों तक कुछ इलाकों में कम दबाव से पानी आने और पानी के गंदला होने की आशंका है। इसे देखते हुए बीएमसी ने नागरिकों से पानी छानकर और उबालकर पीने की अपील की है।


बीएमसी के अनुसार, पवई से सहार के बीच मुख्य जलवाहिनियों में पानी का रिसाव रोकने के लिए यह विशेष मरम्मत अभियान चलाया गया था। तकनीकी कारणों से जलवाहिनियों की बाहरी सतह से लीकेज की मरम्मत करना संभव नहीं था। इसलिए इंजीनियरों और कर्मचारियों को जलवाहिनियों के भीतर प्रवेश कर रिसाव रोकने का काम करना पड़ा।
इस दौरान पवई से सहार के बीच 1,800 मिलीमीटर और 2,400 मिलीमीटर व्यास वाली मुख्य जलवाहिनियों में कुल 14 स्थानों पर लीकेज का पता चला था। महानगरपालिका के जल अभियंता विभाग ने जलवाहिनियों के भीतर प्रवेश कर इन सभी 14 स्थानों पर रिसाव पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके अलावा, 600 मिलीमीटर व्यास वाली जलवाहिनी में भी नौ स्थानों पर हुई लीकेज की मरम्मत सफलतापूर्वक पूरी की गई है।
इस चुनौतीपूर्ण मरम्मत कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बीएमसी के जल अभियंता विभाग के 20 अभियंता और 180 कर्मचारी लगातार 24 घंटे दिन-रात कार्यरत रहे।
महानगरपालिका प्रशासन का कहना है कि जलवाहिनियों में सभी स्थानों पर लीकेज बंद होने से उनके भीतर पानी का दबाव बेहतर होगा। इससे संबंधित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति अधिक सुचारु और नियमित बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, मरम्मत के बाद शुरुआती तीन से चार दिनों तक पानी की गुणवत्ता और दबाव में अस्थायी बदलाव हो सकता है। इसलिए नागरिकों से सावधानी बरतने और पानी को छानकर तथा उबालकर ही पीने का आग्रह किया गया है।


