मुंबई वार्ता संवाददाता

पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ की एक कंपनी से 2 करोड़ रुपयों की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी की एक करोड़ की रकम बरामद कर ली गई है। भोसरी एमआईडीसी स्थित कंपनी के अकाउंटेंट को 15 मई को कंपनी के डायरेक्टर के नाम से एक कथित मैसेज मिला। मैसेज में अकाउंटेंट को एक प्रोजेक्ट के लिए क्लाइंट के खाते में 1.95 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा गया था। मैसेज डायरेक्टर के नाम से होने के चलते अकाउंटेंट ने बिना किसी संदेह के रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद, असली डायरेक्टर को जब लेनदेन का मैसेज मिला तो धोखाधड़ी के बारे में पता चला।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि रकम गुजरात के सूरत में एक बैंक से निकाली गई है। पुलिस बैंक की सीसीटीवी फुटेज से आरोपी जेनिल वाघेला तक पहुंची, जिसे सूरत से गिरफ्तार कर लिया गया।


