सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

मुंबई के गोरेगांव इलाके में 23 जून को एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यह गंभीर वारदात सुबह 9:45 बजे भास्कर नगर में हुई। पुलिस ने मात्र 2 घंटे में आरोपी वसीम रफीक शेख (25) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बांगुर नगर इलाके का निवासी है और पहले एक फिल्म प्रोडक्शन हाउस में काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से बेरोजगार था।


पुलिस जांच में सामने आया कि वसीम को शक था कि उसकी पत्नी के किसी अन्य पुरुष से नाजायज संबंध हैं। इसी संदेह में उसने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी और अपनी सास को फोन करके घटना की जानकारी भी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बांगुर नगर पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ठाकरे के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गवाहों से पूछताछ की और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में वसीम को राम मंदिर रोड रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त हेमंत सावंत ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस घटना में मुंबई पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और कुशलता का परिचय दिया है।


