कल्याण। विपिन शुक्ल/मुंबई वार्ता

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में कल्याण पूर्व के काटेमानेवाली चौक पर रविवार को सकल हिंदू समाज की ओर से निषेध सभा का आयोजन किया गया। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में सैकड़ों नागरिकों ने भाग लेते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।


विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस निषेध सभा में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश में हो रही घटनाओं पर रोष व्यक्त किया और भारत सरकार से इस मामले में कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप करने की मांग की।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर लगातार हो रहे हमले चिंताजनक हैं।


संगठनों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त से अब तक हिंदुओं पर 205 से अधिक हमले दर्ज किए गए हैं, जिनमें पांच लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। वक्ताओं ने कहा कि मानवाधिकारों का हनन किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।निषेध सभा में शामिल विजय उपाध्याय ने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह सिर्फ किसी एक देश का नहीं, बल्कि मानवता से जुड़ा सवाल है।सभा के दौरान नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर ही होनी चाहिए।निषेध सभा को देखते हुए कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हेमंत गुरवे ने बताया कि सकल हिंदू समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन को पुलिस प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है और उसे संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
इस निषेध सभा में प्रशांत पांडेय, शुभम गोहेकर, सूर्या सिंह, अजीत चौबे, अनिल तिवारी, श्याम शिल्के, बाहुबली सिंह संगम, अनुराग सिंह, अजय चौबे सहित शहर के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


