मुंबई वार्ता संवाददाता

बांद्रा पश्चिम में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जिजामाता गार्डन के सामने जॉन बैप्टिस्ट रोड पर सड़क पार कर रहे बच्चे को एक इनोवा क्रिस्टा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे की पहचान अंश रविंद्र गुप्ता (8) के रूप में हुई है। यह हादसा 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच हुआ।


पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला चालक मेघा रावल (लगभग 45 वर्ष) अपनी इनोवा क्रिस्टा चला रही थी। आरोप है कि वह वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रही थी और कार को तेज गति एवं लापरवाही से चला रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहे अंश को कार ने जोरदार टक्कर मार दी और वाहन उसके ऊपर से गुजर गया।
हादसे में अंश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए Holy Family Hospital ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बांद्रा पुलिस ने आरोपी महिला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुन्हा रजिस्टर क्रमांक 1843/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 281 और 125 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


