मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की सार्वत्रिक चुनाव प्रक्रिया 2025-26 के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस चुनाव में कुल 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार 315 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनके लिए महानगरपालिका क्षेत्र में कुल 10,231 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।यह जानकारी महानगरपालिका आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगराणी ने दी।


उन्होंने बताया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से मतदान केंद्रों की योजना तैयार की गई है।राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 227 वार्ड-वार अंतिम मतदान केंद्रों की सूची प्रकाशित कर दी गई है। वार्डों की जनसंख्या, मतदाताओं की संख्या तथा भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों का निर्धारण किया गया है।


आयुक्त गगराणी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने मतदान केंद्र की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें।बृहन्मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में 7 परिमंडलों, 24 प्रशासनिक विभाग कार्यालयों और 23 केंद्रीय मतदान केंद्रों के अंतर्गत कुल 10,231 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सभी मतदान केंद्रों पर बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, रैंप आदि आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिनका निरीक्षण और सत्यापन संबंधित निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किया गया है।मतदाताओं को अपना नाम ढूंढने में सुविधा हो, इसके लिए मतदान केंद्रों के पास ‘मतदाता सहायता केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, जानकारी देने वाले दिशा-सूचक और सूचना फलक भी लगाए जाएंगे।
■ मतदान केंद्रों का विवरण
कुल 10,231 मतदान केंद्रों में से –4,386 केंद्र सरकारी / अर्ध-सरकारी इमारतों में2,387 बंदिस्त स्थान, 880 अर्ध-बंदिस्त स्थान1,119 खुले स्थान, 702 केंद्र सहकारी आवास संस्थाओं में181 बंदिस्त,312 अर्ध-बंदिस्त,209 खुले स्थान,5,143 केंद्र निजी इमारतों में- 2,710 बंदिस्त,1,378 अर्ध-बंदिस्त, 1,055 खुले स्थान।
महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव को सुचारु, सुरक्षित और मतदाता-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने हर स्तर पर समुचित और प्रभावी व्यवस्था की है।



Very good